कविता

गीत — शशि पुरवार

मनमोहन का जाप जपे है
साँस साँस अब मोरी

नटखट कान्हा ने गोकुल में
कितने स्वाँग रचाये
कंकर मारे, मटकी तोड़ी
माखन-दही चुराये
यमुना तीरे पंथ निहारे
हरिक गाँव की छोरी

जग को अर्थ प्रेम का सच्चा
मोहन ने समझाया
राधा-मीरा, गोप-गोपियाँ
सबने श्याम को पाया
उनकी बंसी-धुन को सुनना
चाहे हर इक गोरी

वृन्दावन की कुंज गलिन में
मन मोरा रम जाए
कान्हा-कान्हा हिया पुकारे
कान्हा नजर न आये
मै तो मन ही मन खेलूँ हूँ
भक्ति भाव की होरी।

– शशि पुरवार
१८ अगस्त २०१४

 

 

 

2 thoughts on “गीत — शशि पुरवार

Comments are closed.