लघुकथा

आतंकवादी का धर्म

वो चारों यूं तो अलग-अलग सम्प्रदायों से थे, लेकिन उन्हें सिखाया गया था कि उनका धर्म लोगों को मारना-काटना ही है| आज भी वो चारों एक साथ इसी इरादे से निकले| मार-काट करते हुए आगे बढ़ ही रहे थे कि एक का धर्म-स्थल आया, उसने वहां मार-काट करने के लिये मना किया तो बाकी तीन ने उसी को काट कर वहाँ मार-काट मचा दी|

फिर कुछ और आगे बढे तो दूसरे का पूजा-घर आया, उसने मना किया तो बाकी दो ने उसकी हत्या कर वहाँ मार-काट की| थोड़ा और आगे जाने पर तीसरे का प्रार्थना-स्थल आया, उसने मना किया तो चौथे ने उसका गला काट कर अकेले ही वहाँ मार-काट कर दी|

चौथा और आगे बढ़ा तो उसका अपना धार्मिक-स्थल आया, वो वहाँ से चुपचाप सिर झुका कर आगे निकल ही रहा था कि पीछे से एक गोली चली और उसकी पीठ के रास्ते सीने में धंस गयी| मरते-मरते उसने पीछे देखा तो उसकी आँखें आश्चर्य से फ़ैल गयी, उसे गोली मारने वाला एक नेता था, जिसे उसने हर धार्मिक-स्थल पर सबसे पहले भागते हुए देखा था|

— चंद्रेश कुमार छतलानी

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

नाम: डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी शिक्षा: विद्या वाचस्पति (Ph.D.) सम्प्रति: सहायक आचार्य (कम्प्यूटर विज्ञान) साहित्यिक लेखन विधा: लघुकथा, कविता, बाल कथा, कहानी सर्वाधिक अकादमिक प्रमाणपत्र प्राप्त करने हेतु रिकॉर्ड अंग्रेज़ी लघुकथाओं की पुस्तक रिकॉर्ड हेतु चयनित 12 पुस्तकें प्रकाशित, 8 संपादित पुस्तकें 32+ शोध पत्र प्रकाशित 40+ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त फ़ोन: 9928544749 ईमेल: chandresh.chhatlani@gmail.com डाक का पता: 3 प 46, प्रभात नगर, सेक्टर-5, हिरण मगरी, उदयपुर (राजस्थान) – 313 002 यू आर एल: https://sites.google.com/view/chandresh-c/about ब्लॉग: http://laghukathaduniya.blogspot.in/