कविता

*तभी समझो दिवाली है*

 

जलाओ  दीप  जी  भर कर,

दिवाली    आज   आई   है।

नया     उत्साह   लाई    है,

नया    विश्वास   लाई    है।

 

इसी   दिन  राम   आये  थे,

अयोध्या    मुस्कुराई    थी।

हुआ  था  राम  का स्वागत,

खुशी  चहुँ  ओर  छाई  थी।

 

मना  था  जश्न  घर-घर  में,

उदासी  खिलखिलाई   थी।

अँधेरा    चौदह   बर्षों  का,

उजाला  ले   के   आई  थी।

 

इसी  दिन  श्याम सुन्दर  ने,

गोवर्धन   को   उठाया  था।

अहम्  इन्दर  का  तोड़ा था,

वृंदावन  को   बचाया   था।

 

हिरण्य कश्यप  को मारा था,

श्री  नरसिंह  रूप  धारी  ने।

नरकासुर  को  भी मारा था,

सुदर्शन    चक्र    धारी    ने।

 

हुआ   था   आगमन  माँ  का,

समुन्दर   का    हुआ   मंथन।

धन-धान्य की देवी,माँ लक्ष्मी,

का   होता    आज  है  पूजन।

 

जलाते   आज   हम   दीपक,

अँधेरा    दूर    करने    को।

खुशी  जीवन   में   लाने को,

उजाला  मन  में  भरने  को।

 

मगर   मन   में  उदासी  है,

अँधेरा   हर   तरफ     कैसे।

उजाला   चन्द   लोगों  तक,

सिमट  कर  रह  गया  कैसे।

 

करें  हम  आज   कुछ  ऐसा,

कि मन का  दीप जल जाये।

अँधेरा   रह     नहीं    पाये,

उजाला   हर   तरफ  छाये।

 

उजाला  मन  में  हो  जाये,

तो  दुनियाँ  ही निराली है,

सभी  के  द्वार  जगमग  हों,

तभी   समझो  दिवाली  है।

 

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com