बाल कविता

गाँधी जी के बन्दर तीन

गाँधी  जी  के  बन्दर  तीन,

तीनों   बन्दर  बड़े  प्रवीन।

खुश हो बोला पहला बन्दा,

ना मैं  गूँगा, बहरा, अन्धा।

 

पर  मैं  अच्छा  ही  देखूँगा,

मन को  गन्दा नहीं करूँगा।

तभी उछल कर दूजा बोला,

उसने राज़ स्वयं का खोला।

 

अच्छी-अच्छी  बात सुनूँगा,

गन्दा  मन  ना  होने  दूँगा।

सुनो, सुनाऊँ  मन  की आज,

ये  बापू  के  मन  का  राज़।

 

जो   देखोगे   और   सुनोगे,

वैसे  ही  तुम  सभी  बनोगे।

हमको  अच्छा  ही बनना है,

मन को अच्छा ही रखना है।

 

अच्छा दर्शन, अच्छा जीवन,

सुन्दरता से भर लो तन-मन।

सोच समझ कर तीजा बोला,

मन में जो था, वो ही बोला।

 

आँख कान से मनुज गृहणकर,

ज्ञान संजोता  मन के अन्दर।

मुख से, जो भी मन में होता,

वो ही तो, वह बोला करता।

 

अच्छा बोलो  जब भी बोलो,

शब्द-शब्द को  पहले  तोलो।

मधुर  बचन  सबको भाते हैं,

सबके   प्यारे   हो  जाते  हैं।

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com