गीत/नवगीत

एक हिमालय एक तिरंगा

तार-तार भारत माता के,
वसन फटे हैं बिखरे बाल।
आँखों पर संतति पट बाँधे,
देखो ये माता के लाल।।

एक हिमालय एक तिरंगा,
एक मात्र पावन गंगा।
क्लीव हो गया मानव कैसे,
जिसे देख लो है नंगा।।
ढोंग दिखाता केसरिया का,
वृथा ठोंकता है नर ताल।।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

वीरों का इतिहास थाम कर,
उसको शर्म नहीं आती।
संभा जी रणवीर शिवा जी,
की करनी क्या सिखलाती।।
ऋषियों का वंशज कहलाता,
आँसू रोते भर-भर गाल।।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

केरल का क्या हाल हुआ है,
देख-जान कुछ सोचा है?
टाँगों में जो हरा-हरा है,
जटिल बड़ा ही लोचा है।।
नेता को बस वोट चाहिए,
जड़ें खोदता तेरा काल।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

आग लगी बंगाल धरा पर,
नयन बंद कर बैठे हो !
चीत्कार सुन कर भी बहरे,
राजनीति-गृह पैठे हो!!
कहाँ गई सब ऐंठ हेकड़ी,
मंद पड़ गई तेरी चाल।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

भुना रहे अतीत का गौरव,
नाम बेच कर खाते हो !
सत्ता पद हासिल करने को,
जनता को भरमाते हो !!
जुबां काट लेते हो सत की,
दिखलाता जो सच्चा हाल।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

क्रीत मीडिया टी.वी. चैनल,
खबरें छाप रहे अखबार।
वे तव इच्छा के गुलाम हैं,
रहते हैं जो अश्व-सवार।।
जनता तड़प रही मछली-सी,
छ्द्म आँकड़ों के सब जाल।।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

शुभ का श्रेय शीश निज बाँधा
कुत्सित कर्म पराए नाम।
अपनी पीठ आप ही ठोंकें,
करते औरों को बदनाम।।
‘शुभम’ युगों से जो पाया है,
वह सब अपने नाम बहाल।।
तार-तार भारत माता के,
वसन फ़टे हैं बिखरे बाल।।

— डॉ. भगवत स्वरूप ‘शुभम’

*डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

पिता: श्री मोहर सिंह माँ: श्रीमती द्रोपदी देवी जन्मतिथि: 14 जुलाई 1952 कर्तित्व: श्रीलोकचरित मानस (व्यंग्य काव्य), बोलते आंसू (खंड काव्य), स्वाभायिनी (गजल संग्रह), नागार्जुन के उपन्यासों में आंचलिक तत्व (शोध संग्रह), ताजमहल (खंड काव्य), गजल (मनोवैज्ञानिक उपन्यास), सारी तो सारी गई (हास्य व्यंग्य काव्य), रसराज (गजल संग्रह), फिर बहे आंसू (खंड काव्य), तपस्वी बुद्ध (महाकाव्य) सम्मान/पुरुस्कार व अलंकरण: 'कादम्बिनी' में आयोजित समस्या-पूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार (1999), सहस्राब्दी विश्व हिंदी सम्मलेन, नयी दिल्ली में 'राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्राब्दी साम्मन' से अलंकृत (14 - 23 सितंबर 2000) , जैमिनी अकादमी पानीपत (हरियाणा) द्वारा पद्मश्री 'डॉ लक्ष्मीनारायण दुबे स्मृति साम्मन' से विभूषित (04 सितम्बर 2001) , यूनाइटेड राइटर्स एसोसिएशन, चेन्नई द्वारा ' यू. डब्ल्यू ए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित (2003) जीवनी- प्रकाशन: कवि, लेखक तथा शिक्षाविद के रूप में देश-विदेश की डायरेक्ट्रीज में जीवनी प्रकाशित : - 1.2.Asia Pacific –Who’s Who (3,4), 3.4. Asian /American Who’s Who(Vol.2,3), 5.Biography Today (Vol.2), 6. Eminent Personalities of India, 7. Contemporary Who’s Who: 2002/2003. Published by The American Biographical Research Institute 5126, Bur Oak Circle, Raleigh North Carolina, U.S.A., 8. Reference India (Vol.1) , 9. Indo Asian Who’s Who(Vol.2), 10. Reference Asia (Vol.1), 11. Biography International (Vol.6). फैलोशिप: 1. Fellow of United Writers Association of India, Chennai ( FUWAI) 2. Fellow of International Biographical Research Foundation, Nagpur (FIBR) सम्प्रति: प्राचार्य (से. नि.), राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसागंज (फ़िरोज़ाबाद). कवि, कथाकार, लेखक व विचारक मोबाइल: 9568481040