गीत/नवगीत

विश्वबंधुत्व

आज विश्व में बंधु-भाव का,
पतन दिखाई देता है।
अपने तक सीमित है मानव,
बनता विश्व – विजेता है।।

अपना उदर श्वान भी भरते,
बस अपने तक जीते हैं।
ऐसे मानव देह धरे बस ,
अंतर में वे रीते हैं।।
परहित में जीने वाला ही,
सबको अपना लेता है।
आज विश्व में बंधु- भाव का,
पतन दिखाई देता है।।

एक – एक मिल ग्यारह होते,
शक्ति बहुत बढ़ जाती है।
मानव की एकता सदा ही,
सहज सुखद बन पाती है।।
जीवों में मानव सर्वोत्तम,
वही जगत का नेता है।
आज विश्व में बंधु -भाव का,
पतन दिखाई देता है।।

प्रभु ने तुम्हें बनाया मानव ,
मानवता से जीना है।
परहित में विष भी मिल जाए,
उसे सहज ही पीना है।।
नीलकंठ शिव बन जा मानव,
धरती का अभिनेता है।
आज विश्व में बंधु -भाव का,
पतन दिखाई देता है।।

सूरज, सोम, वायु, जल, धरती,
बिना शुल्क सब देते हैं।
गगन, अनल कुछ भी न माँगते,
जग को अपना लेते हैं।
बूँद – बूँद से सागर बनता,
तू न अभी क्यों चेता है?
आज विश्व में बंधु -भाव का,
पतन दिखाई देता है।।

तू प्रहार पाहन का करता,
फिर भी तरु फल देता है ।
सरिताओं को दूषित करता,
नैया जलनिधि खेता है।।
‘शुभम’ नेह से जग को भर दे,
तू ही मीत सुचेता है।
आज विश्व में बंधु -भाव का,
पतन दिखाई देता है।।

— डॉ. भगवत स्वरूप ‘शुभम’

*डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

पिता: श्री मोहर सिंह माँ: श्रीमती द्रोपदी देवी जन्मतिथि: 14 जुलाई 1952 कर्तित्व: श्रीलोकचरित मानस (व्यंग्य काव्य), बोलते आंसू (खंड काव्य), स्वाभायिनी (गजल संग्रह), नागार्जुन के उपन्यासों में आंचलिक तत्व (शोध संग्रह), ताजमहल (खंड काव्य), गजल (मनोवैज्ञानिक उपन्यास), सारी तो सारी गई (हास्य व्यंग्य काव्य), रसराज (गजल संग्रह), फिर बहे आंसू (खंड काव्य), तपस्वी बुद्ध (महाकाव्य) सम्मान/पुरुस्कार व अलंकरण: 'कादम्बिनी' में आयोजित समस्या-पूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार (1999), सहस्राब्दी विश्व हिंदी सम्मलेन, नयी दिल्ली में 'राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्राब्दी साम्मन' से अलंकृत (14 - 23 सितंबर 2000) , जैमिनी अकादमी पानीपत (हरियाणा) द्वारा पद्मश्री 'डॉ लक्ष्मीनारायण दुबे स्मृति साम्मन' से विभूषित (04 सितम्बर 2001) , यूनाइटेड राइटर्स एसोसिएशन, चेन्नई द्वारा ' यू. डब्ल्यू ए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित (2003) जीवनी- प्रकाशन: कवि, लेखक तथा शिक्षाविद के रूप में देश-विदेश की डायरेक्ट्रीज में जीवनी प्रकाशित : - 1.2.Asia Pacific –Who’s Who (3,4), 3.4. Asian /American Who’s Who(Vol.2,3), 5.Biography Today (Vol.2), 6. Eminent Personalities of India, 7. Contemporary Who’s Who: 2002/2003. Published by The American Biographical Research Institute 5126, Bur Oak Circle, Raleigh North Carolina, U.S.A., 8. Reference India (Vol.1) , 9. Indo Asian Who’s Who(Vol.2), 10. Reference Asia (Vol.1), 11. Biography International (Vol.6). फैलोशिप: 1. Fellow of United Writers Association of India, Chennai ( FUWAI) 2. Fellow of International Biographical Research Foundation, Nagpur (FIBR) सम्प्रति: प्राचार्य (से. नि.), राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसागंज (फ़िरोज़ाबाद). कवि, कथाकार, लेखक व विचारक मोबाइल: 9568481040