गीत/नवगीत

गीत

इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।
हिमगिरि के घर से निकली है,
सिंधु – सेज पर रम जाती।।

अनथक चली जा रही अविरत
आती हैं नित बाधाएँ।
अपगा होकर चली जा रही,
कितने भी संकट आएँ।।
लक्ष्य एक ही पिया मिलन है,
सबकी क्षुधा बुझा पाती।।
इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।।

पशु, पक्षी, मानव या फसलें,
अभिसिंचन से हर्षाते।
साधु, संत, जन को नहलाती,
तटिनी – खेल हमें भाते।।
हरियाली फैली खेतों में,
कांति अधर में भर लाती।
इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।।

गंगा , यमुना ,सरयू कितनी,
पावन जल की सरिताएँ।
भारत की जीवन – रेखा हैं,
जीव, जंतु, नर की माएँ।।
मीन करे क्रीड़ाएँ सरि में,
आँचल में ले मुस्काती।
इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।।

करे प्रतीक्षा खोल हृदय को,
सागर, आएँ सरिताएँ।
स्वागत करने को आतुर है,
बाँहों में भर अपनाएँ।।
लहरों के मिस बुला रहा है,
लगतीं रवि – किरणें ताती।
इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।।

लगता सागर कभी क्रोध में,
तट से विचि टकराती है।
घोंघे , सीप पटकती बाहर,
लौटें शांत रिझाती है।।
‘शुभम्’ सभी का मान बढ़ाता,
सरिता अंग समा जाती।
इठलाती बलखाती सरिता,
जाती है नित मदमाती।।

— डॉ. भगवत स्वरूप ‘शुभम्’

*डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

पिता: श्री मोहर सिंह माँ: श्रीमती द्रोपदी देवी जन्मतिथि: 14 जुलाई 1952 कर्तित्व: श्रीलोकचरित मानस (व्यंग्य काव्य), बोलते आंसू (खंड काव्य), स्वाभायिनी (गजल संग्रह), नागार्जुन के उपन्यासों में आंचलिक तत्व (शोध संग्रह), ताजमहल (खंड काव्य), गजल (मनोवैज्ञानिक उपन्यास), सारी तो सारी गई (हास्य व्यंग्य काव्य), रसराज (गजल संग्रह), फिर बहे आंसू (खंड काव्य), तपस्वी बुद्ध (महाकाव्य) सम्मान/पुरुस्कार व अलंकरण: 'कादम्बिनी' में आयोजित समस्या-पूर्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार (1999), सहस्राब्दी विश्व हिंदी सम्मलेन, नयी दिल्ली में 'राष्ट्रीय हिंदी सेवी सहस्राब्दी साम्मन' से अलंकृत (14 - 23 सितंबर 2000) , जैमिनी अकादमी पानीपत (हरियाणा) द्वारा पद्मश्री 'डॉ लक्ष्मीनारायण दुबे स्मृति साम्मन' से विभूषित (04 सितम्बर 2001) , यूनाइटेड राइटर्स एसोसिएशन, चेन्नई द्वारा ' यू. डब्ल्यू ए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित (2003) जीवनी- प्रकाशन: कवि, लेखक तथा शिक्षाविद के रूप में देश-विदेश की डायरेक्ट्रीज में जीवनी प्रकाशित : - 1.2.Asia Pacific –Who’s Who (3,4), 3.4. Asian /American Who’s Who(Vol.2,3), 5.Biography Today (Vol.2), 6. Eminent Personalities of India, 7. Contemporary Who’s Who: 2002/2003. Published by The American Biographical Research Institute 5126, Bur Oak Circle, Raleigh North Carolina, U.S.A., 8. Reference India (Vol.1) , 9. Indo Asian Who’s Who(Vol.2), 10. Reference Asia (Vol.1), 11. Biography International (Vol.6). फैलोशिप: 1. Fellow of United Writers Association of India, Chennai ( FUWAI) 2. Fellow of International Biographical Research Foundation, Nagpur (FIBR) सम्प्रति: प्राचार्य (से. नि.), राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरसागंज (फ़िरोज़ाबाद). कवि, कथाकार, लेखक व विचारक मोबाइल: 9568481040