मुक्तक/दोहा

दोहे

कहें गर्व-अधिकार से,नारी दलित यतीम।
नाम नहीं नारा नहीं , नारायण हैं भीम।।

जन्म हुआ रे भीम का,खुशी महल-खपरैल।
शंखनाद है न्याय की, तिथि चौदह अप्रैल।।

समता औ’ सम्मान ही, संविधान की थीम।
सृजित किए आंबेडकर,बोलो जय जय भीम।।

शिक्षित बनो संघर्ष करो, रहो संगठित और।
चलो बुद्ध के राह पर, बनो राष्ट्र-सिरमौर।।

थी मानवता के लिए , मनु की नीति अफीम।
खाक किए आंबेडकर, बोलो जय जय भीम।।

जनमानस कल्याण ही, है जिसका अस्तित्व।
माने उसके ज्ञान का , लोहा सारा विश्व।।

प्रतिज्ञा बाईस भली, करे जगत कल्याण।
हैं आंबेडकरवाद की, मूल मंत्र औ’ प्राण।।

बाभन बनिया वैश्य क्या,क्या कुर्मी कुम्हार।
दुश्मन से लोहा लिये, पासी खटिक चमार।।

मनु का ब्राह्मणवाद रे,जल-भुन हुआ अधीर।
व्यासपीठ पर बैठ ज्यों, बाँचा कथा अहीर।।

क्या क्रिसमस क्या लोहड़ी,क्या होली क्या ईद।
जाति निगलती आ रही, समता की उम्मीद।।

क्या रिश्ता क्या बन्धुता, जाति गले की फाँस।
घुट-घुट कर अब जी रही,मानवता हर साँस।।

शिक्षा है वो शेरनी, शब्द-अक्षर वो दूध।
पिये जो जितना ज्यादा,लंबा टिके वजूद।।

तिल-तिल मरता रोज़ है,भूखा नंगा जान।
जाति नहीं ये गोह है, चबा रही इंसान।।

खून माँस भी एक है, जाति योनि भी एक।
फिर नरेन्द्र हैं क्यों नहीं, सभी आदमी एक ?

जिस मिट्टी के आप हैं, उसी मिट्टी के सूद।
ब्राह्मण देवता बोलिए, क्यों अछूत हैं सूद ?

वे नरेन्द्र पशुतुल्य हैं, क्या ब्राह्मण क्या सूद।
अन्तस में जिनके नहीं, मानवता मौजूद।।

ऊँच-नीच की भावना, छूआछूत का मैल।
शिक्षा निष्प्रभावी बनी,जाति-धर्म के बैल।।

— नरेन्द्र सोनकर ‘कुमार सोनकरन’

नरेन्द्र सोनकर

उपनाम--कुमार सोनकरन पिता का नाम--राजेन्द्र प्रसाद माता का नाम--मालती देवी अभिभावक का नाम--नरेश कुमार सोनकर स्थाई पता-- ग्राम नरैना, पोस्ट रोकड़ी, तहसील करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। पिन कोड--212307 जन्मतिथि--27-03-2001 शिक्षा-- माॅं कमला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोकड़ी से 1 से 8वीं तक पं.लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज निदौरी से मैट्रिक मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज करछना से इंटरमीडिएट इलाहाबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय प्रयागराज से स्नातक व संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी से बीएड प्रशिक्षणरत। आप टिप्पणी--आंबेडकरवादी विचारधारा से प्रभावित। दलित,स्त्री व प्रकृति विषयक मुद्दों पर बेबाक लेखन-प्रयत्न। रुचि--कविता पढ़ना-लिखना और पढ़ाना,खोज, तर्क-वितर्क विधा--कविता,कहानी,दोहा,हाइकु ग़ज़ल,माहिया,शायरी,नाटक,उपन्यास,आत्मकथा इत्यादि। सम्मान-- काव्य कुमुद,कल्प कथा व राष्ट्रीय अभिनव साहित्य मंच प्रयागराज द्वारा दशाधिक बार प्रशस्ति पत्र व सम्मान प्राप्त। रचना-प्रकाशन--अमर उजाला काव्य पटल पर 350 से अधिक,जयदीप पत्रिका में 20 से अधिक, मानस पत्रिका व आइडिया सिटी न्यूज़ बनारस से दशाधिक और हिन्दी बोल INDIA पर रचनाएं प्रकाशित। चलभाष--8303216841 Email:- naraina2001@gmail.com