बोलो प्रेम से हर हर महादेव
आया आया है देखो सावन छम छम,
बाजे भोले बाबा का डमरू डम डम,
भक्त शिव पूजन को चले हो मतवाले,
जोर शोर से बोले जयकारा बम बम ।
मेघों ने जल बरसाया धिनक धिन धिन,
बूॅंदों ने संग गीत गाया तिनक तिन तिन,
हमारे तो श्रीकंठ महादेव ही हैं रखवाले,
झूमें भक्ति में भक्त धिनक धिन धिन ।
मन भावन पवन बहे सुहानी सर सर,
झिंगूर, मेढ़क, पपीहरा बोले टर टर,
विनती सुनो भोले नाथ ओ डमरू वाले,
शिव अनंत शंभु कृपा अनंता हर हर ।
ढोलक, मंजीरे, मृदंग करे हैं झम झम,
घुॅंघरू बाजे शिवगण भी नाचें छम छम,
भव सिंधु से पार लगाएँगे बाघम्बर वाले,
जपे जा नमः शिवाय मंत्र दमा दम दम ।
बोलो प्रेम से हर हर महादेव बम बम,
सच्ची श्रद्धा से दुख होगें सारे कम कम,
“आनंद” औघड़नाथ है जटा जूट वाले,
भूल जा शिव भक्ति में सारे गम गम ।
— मोनिका डागा “आनंद”
