सामाजिक

अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल करें

जिंदगी में हमेशा सबकुछ सही नहीं होता। परिस्थितियां,कब? कहां? कैसे? प्रतिकूल हो जाएं पता ही नहीं चलता। इसलिए ये बहुत जरूरी है,कि हम अपनी ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित करें और अपनी ऊर्जा को विपरीत परिस्थितियों के प्रभाव से गलत दिशा में न लगाएं।
कई बार जब हम लोगों की नकारात्मकता के या कुछ नकारात्मक अनुभवों के शिकार होते हैं, तो हम अपने मन के भीतर उपर्युक्त व्यक्ति या परिस्थिति के प्रति घृणा, द्वेष और अशांति का भाव पैदा कर लेते हैं और स्वयं उसी भाव के इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं। इसी प्रक्रिया में हमारी सारी ऊर्जा नष्ट हो जाती है और हम मात्र पश्चाताप करके रह जाते हैं, कि हमने अपना अमूल्य समय, अपनी सम्पूर्ण ऊर्जा गलत दिशा में लगा दी।
यही ऊर्जा अगर स्वयं की तरक्की, अपनी उपलब्धियों को बढ़ाने में खर्च की जाती,तो ये दोगुनी हो कर बढ़ती और जीवन को सार्थक बनाने में मददगार साबित होती। हमारी ऊर्जा, हमारी शक्ति है। ये हमें उच्चतम शिखर तक पहुंचा सकती है। बस शर्त यही है कि इसे व्यर्थ के लोगों, बातों और चीजों में खर्च न कर, अपने सपनों और अपने लक्ष्यों को पूरा करने में लगाएं। फिर देखें,ये आपको क्या से क्या बना देगी और कहां से कहां पहुंचा देगी।

— अंकिता जैन अवनी

अंकिता जैन 'अवनी'

लेखिका/ कवयित्री अशोकनगर मप्र jainankita251993@gmail.com