गीत/नवगीत

समस्याएँ नहीं गिनो तुम

समाधान बन आगे आओ

कर्म से अपनी राह बनाकर जीवन अपना सुखी बनाओ।

समस्याएँ नहीं गिनो तुम, समाधान बन आगे आओ।।

कर्मशील को अवसर जग में।

कदम-कदम संसाधन मग में।

औरत की हथेली में बरकत,

वही पुरूष के होती पग में।

समय ही जीवन है प्यारे, जीवन आनंद से जीते जाओ।

समस्याएँ नहीं गिनो तुम, समाधान बन आगे आओ।।

समय नहीं है दुखी होने का।

समय नहीं है व्यर्थ सोने का।

काट बाद में तुम पाओगे,

समय अभी है फसल बोने का।

फल ही हैं फूलों की हसरत, फूल देखकर खुशी मनाओ।

समस्याएँ नहीं गिनो तुम, समाधान बन आगे आओ।।

चाहत किसी की पूरी न होती।

पाओगी वही, जो हो बोती।

लेन-देन से चलता है जग,

मुफ्तखोरी कभी सफल न होती।

कर्म करो अधिकार कमाओ, कदम-कदम बढ़ते तुम जाओ।

समस्याएँ नहीं गिनो तुम, समाधान बन आगे आओ।।

डॉ. संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी

जवाहर नवोदय विद्यालय, मुरादाबाद , में प्राचार्य के रूप में कार्यरत। दस पुस्तकें प्रकाशित। rashtrapremi.com, www.rashtrapremi.in मेरी ई-बुक चिंता छोड़ो-सुख से नाता जोड़ो शिक्षक बनें-जग गढ़ें(करियर केन्द्रित मार्गदर्शिका) आधुनिक संदर्भ में(निबन्ध संग्रह) पापा, मैं तुम्हारे पास आऊंगा प्रेरणा से पराजिता तक(कहानी संग्रह) सफ़लता का राज़ समय की एजेंसी दोहा सहस्रावली(1111 दोहे) बता देंगे जमाने को(काव्य संग्रह) मौत से जिजीविषा तक(काव्य संग्रह) समर्पण(काव्य संग्रह)