लघुकथा

अब आया ऊँट पहाड़ के नीचे

“नमस्ते अंकल जी, पापा की तबीयत ठीक नहीं है| आप भीतर चलकर उनके कमरे में ही उनसे मिल लीजिए|”
“क्या बात है भई, आपके साहबजादे बड़े बदले-बदले से जान पड़ रहे हैं!” बेटे की ओझल होती पीठ पर नजरें गड़ाये हुए श्याम ने व्यंग्यपूर्वक अपने जिगरी मित्र रामलाल से पूछा|
“आओ श्याम! आखिर आज रास्ता भूल ही गए |”
पोता पानी और बेटा चाय-नमकीन लेकर एक ही साथ कमरे में प्रविष्ट हुए। चाय रखकर बेटे ने विनम्रता से कहा, “कुछ और तो नहीं चाहिए पिता जी?” बाहर जाते हुए पलटकर पुनः बोला, “ज्यादा देर नहीं बैठिएगा, पीठ में फिर से दर्द होने लगेगा|” कहते हुए पिता की कमर में बेल्ट बाँधकर चला गया|
श्याम ने अपनी छूट गयी बात को आगे बढ़ाया, “लगता है, दिवा- स्वप्न देख रहा हूँ मैं| पाँच-छह साल पहले तो यह साहब ऊँट-की-सी अकड़ी गर्दन लिए …” श्याम के कुछ और अपशब्द कहने के पूर्व ही रामलाल ने ठहाका लगाया|
“आप हँस रहे हैं, किन्तु इस प्रकार से आपकी सेवा-शुश्रूषा होते देखकर, अभी-भी मैं बहुत अचंभित हूँ!”
“जड़ खोदकर ही मानोगे श्याम!”
“मैं भी तो जानूँ, आखिर बदल कैसे गए बरखुरदार?”
“बढ़ते बच्चों का बाप जो हो रहा है|” गहरी मुस्कान के साथ दोनों मित्र चाय सुड़कने लगे।

— सविता मिश्रा ‘अक्षजा’

*सविता मिश्रा

श्रीमती हीरा देवी और पिता श्री शेषमणि तिवारी की चार बेटो में अकेली बिटिया हैं हम | पिता की पुलिस की नौकरी के कारन बंजारों की तरह भटकना पड़ा | अंत में इलाहाबाद में स्थायी निवास बना | अब वर्तमान में आगरा में अपना पड़ाव हैं क्योकि पति देवेन्द्र नाथ मिश्र भी उसी विभाग से सम्बध्द हैं | हम साधारण गृहणी हैं जो मन में भाव घुमड़ते है उन्हें कलम बद्द्ध कर लेते है| क्योकि वह विचार जब तक बोले, लिखे ना दिमाग में उथलपुथल मचाते रहते हैं | बस कह लीजिये लिखना हमारा शौक है| जहाँ तक याद है कक्षा ६-७ से लिखना आरम्भ हुआ ...पर शादी के बाद पति के कहने पर सारे ढूढ कर एक डायरी में लिखे | बीच में दस साल लगभग लिखना छोड़ भी दिए थे क्योकि बच्चे और पति में ही समय खो सा गया था | पहली कविता पति जहाँ नौकरी करते थे वहीं की पत्रिका में छपी| छपने पर लगा सच में कलम चलती है तो थोड़ा और लिखने के प्रति सचेत हो गये थे| दूबारा लेखनी पकड़ने में सबसे बड़ा योगदान फेसबुक का हैं| फिर यहाँ कई पत्रिका -बेब पत्रिका अंजुम, करुणावती, युवा सुघोष, इण्डिया हेल्पलाइन, मनमीत, रचनाकार और अवधि समाचार में छपा....|