महाशिवरात्रि
शुभ दिन आया बजी शहनाई,
भक्तों को बहुत-बहुत बधाई,
देखो दुल्हन सी सजी महामाई,
नज़र उतारे बार-बार मैना माई ।
लाल जोडा़ चमके खनके कलाई,
विवाह गीत मधुर-मधुर देते सुनाई,
हाथों-पांवों में लाल मेहंदी लगाई,
गौरा ने पायलिया छम-छम बजाई ।
बनेंगे शिव जी हिमाचल के जमाई,
बरातियों ने धमाल धम-धम मचाई,
महाशिवरात्रि की पावन तिथि आई,
बोल हरहर महादेव बम बम गुंजाई ।
भक्तों ने आज”आनंद” खुशियॉं पाई,
प्रकृति भी देखो संग-संग मुस्कुराई,
देवी-देवों ने आशीष की झड़ी लगाई,
नभ से पुष्प वर्षा रिमझिम कराई ।
लीला अद्भुत मॉं महादेव ने दिखाई,
सारे कष्टों से मुक्ति झट-पट दिलाई,
महाशिवरात्रि की महिमा हमें बताई,
अंतस दिव्य ज्योति जगमग जगाई ।
— मोनिका डागा “आनंद”
