हास्य व्यंग्य

व्यंग्य – होली के रंग में सराबोर रचना

दीवाली पर जैसी व्यापारी की तैयारी होती है वैसी ही होली पर व्यंग्यकार की तैयारी होती है। होली व्यंग्य वालों का सीज़न है। जैसे दीवाली के बाज़ार में जाम पड़ा स्टाक भी क्लीयर हो जाता है वैसे ही होली पर कहीं न छपी रचनाये भी प्रकाशित हो सकती है बशर्ते व्यंग्यकार व्यापारी की तकनीक अपना ले। व्यापारी जैसे पुराने सामान की नई पेकिंग करता है वैसे ही लेखक को अप्रकाशित रचनाओं के शीर्षक बदलने होगे। होली की रचनाओं में महत्वपूर्ण शीर्षक होता है। पूरी रचनाओं में होली का ज़िक्र न हो तो भी चलेगा लेकिन शीर्षक में होली शब्द का होना ज़रूरी है क्योकि होली अंक के लिये संपादक उसी रचना का चयन करते है जिनके शीर्षक में होली हो। पाठक भी तो अब सिर्फ़ शीर्षक ही तो पढ़ते है पूरी रचना पढ़ने का तो अब चलन ही नहीं रहा।
होली पर नई रचना उसी की मानी जाती है जो लेखक नया शीर्षक रचे। बुरा न मानो होली है, फिर देख बहारे होली की, होली के रंग फलां फलां के संग इन पारंपरिक शीर्षक से जिसने रचना को बचा लिया उसी की रचना पार लगेगी बाकी होली के रंगीन पानी में डूब जायेगी।
जो कलेंडर के अनुसार लेखन करते है वे सभी नये वर्ष और वेलेंटाईन डे पर लिखने के बाद होली की तैयारी शुरू कर देते है। वेलेंटाईन डे के बाद तीन प्रकार की तैयारी होती है – छात्र द्धारा परीक्षा की, लेखक द्धारा होली अंक की और व्यापारी द्धारा एकाउंट क्लोसिंग की तैयारी है। ये तीनो तैयारी वेलेंटाइन डे के बाद शुरू होती है और वेलेंटाइन डे की तैयारी ही ऐसी तैयारी है जिसकी तैयारी इसे मनाने वाले साल भर करते है।
वही लेखक होली पर होलियाना रचना लिख पाते है जो लिखने के लिये कमर कस कर तैयार हो जाते है। कमर कसने में कसना कुछ नहीं होता बस ऐसा कहा जाता है जैसे कश्मीरी पुलाव में कश्मीर नहीं होता। पुलाव में कश्मीर न हो तो ठीक है लेकिन उस पुलाव में तो पुलाव भी नहीं होता है। इसी प्रकार व्यंग्य रचनाओं में भी कई बार सब कुछ होता है बस व्यंग्य नहीं होता। पिछली होली पर एक व्यंग्यकार जी मिले थे और उन्होंने मेरे को चुनौती दे दी कि मेरी व्यंग्य रचनाओं में व्यंग्य ढूंढ कर बताओ तो जानू और मैं हार गया।
होली पर हास्य व्यंग्य लिखने का चलन है। अगर होली जैसा रंगीला पर्व नहीं होता तो हम सैकड़ो रंग बिरंगी रचनाओं से वंचित हो जाते। होली पर कैसे न लिखे होली तो अभिव्यक्ति का सब से सशक्त माध्यम है। जितने भी लिखने वालें है उन्होंने होली पर ज़रूर लिखा है, जिन्होंने नहीं लिखा उनका समस्त लेखन संदिग्ध माना जाना चाहिये क्योकि होली की मस्ती, होली का खुलापन, होली के रंग मन की अभिव्यक्ति के लिये पुकारते है। ध्यान रहे यह हिंदी भाषा की होली है जिसमे अंग्रेज़ी भाषा वाला होली समाहित है।
होली पर लिखने में होली शब्द सही लिखना ज़रूरी है यदि जल्दबाज़ी में मात्रा इधर की उधर हो गई तो नये नये अर्थ वाले शब्द बन जाते है जैसे मधुशाला का हाला, शायर हाली, किसान का हल, गटर का होल, फ़ोन वाला हैलो, जूते की हील, वर्तमान वाला हाल, शोर वाला हल्ला।
मेरे एक लेखक मित्र होली साहित्य के विशेषज्ञ है। उनका कहना है कि अपने आलेख में व्याप्त खराबियों को जमा करो और एक व्यंग्य रचना लिखो जैसे हमेशा लिखते हो। अब इस रचना को होली के अवसर पर इस्तेमाल करना है तो उसमें रंग, गुलाल, गाल, चुनरी, चोली, भांग, फाग, पिचकारी इन शब्दों को उसमें मिक्स कर दो। अब लिखो कि नेता और अफ़सर पर कोई रंग नहीं चढ़ता, इनका रंग पल पल बदलता है। इसके बाद पानी बचाओ और सूखे रंग से होली खेलने का उपदेश दो। साबित करो कि होली खेलने के लिये दीवाना होना ज़रूरी है अगर होली के दिन पिचकारी पर प्रतिबंध लगा दिया जायेगा तो दीवाना आंख में पानी भर कर ले आयेगा। और अंत में नज़ीर साहब की इन पंक्तियों से रचना का समापन करो –
जब फागुन रंग झमकते हो तब देख बहारें होली की
और दफ़ के शोर खड़कते हो तब देख बहारें होली की
परियों के रंग दमकते हो तब देख बहारें होली की
ख़ुम, शीशे, जाम, झलकते हो तब देख बहारें होली की

— अखतर अली

अखतर अली

जन्म 14 अप्रेल 1960, रायपुर (छत्तीसगढ़) मूलतः व्यंग्यकार, विगत 40 वर्षो से निरंतर लेखन जारी। व्यंग्य, समीक्षा, आलेख एवं लघु कथाओं का निरंतर लेखन। अमृत संदेश, नव भारत, दैनिक भास्कर, नई दुनिया,रांची एक्सप्रेस, जनवाणी, हरिभूमि, राजस्थान पत्रिका,पंजाब केसरी, वागर्थ, बालहंस,सुखनवर, सामानांतरनामा, कलावासुधा, इप्टा वार्ता, सूत्रधार, कार्टून वाच, दुनियाँ इन दिनों उदंती.काँम, साहित्य सुधा, साहित्यकथा, रचनाकार, अट्टहास, विभोम स्वर, सदभावना दर्पण आदि आदि पत्रिकाओं में निरंतर रचनाये प्रकाशित। आज की जनधारा में व्यंग्य स्तंभ हबीब तनवीर से रंगमंच का प्रशिक्षण। अनेको नाट्य स्पर्धाओं में सम्मेलनों, गोष्ठियों में शिरकत। लिखित प्रमुख व्यंग्य नाटक – निकले थे मांगने किस्सा कल्पनापुरका विचित्रलोक की सत्यकथा नंगी सरकार अमंचित प्रस्तुति खुल्लम खुल्ला सुकरात अजब मदारी गजब तमाशा एक अजीब दास्ताँ दर्द अनोखे प्यार के नाक। प्रमुख नाट्य रूपांतरण – ईदगाह (मुंशी प्रेमचंद) किस्सा नागफनी (हरिशंकर परसाई) अकाल उत्सव (गिरीश पंकज) मौत की तलाश में (फ़िक्र तौसवी) टोपी शुक्ला (राही मासूम रज़ा) बाकी सब खैरियत है (सआदत हसन मंटो) असमंजस बाबू (सत्यजीत रे) जितने लब उतने अफसाने (राजी सेठ) एक गधे की आत्म कथा (कृष्ण चंदर) बियालिस साल आठ महीने (सआदत हसन मंटो) सात दिन तुमने क्यों कहा था कि मै खूबसूरत हूं (यशपाल) काली शलवार (एक पात्रीय) (मंटो) नाक (निकोलाई गोगोल) प्रमुख नुक्कड़ नाटक – नाटक की आड़ में, लाटरी लीला, खदान दान। सम्पर्क – अखतर अली,निकट मेडी हेल्थ हास्पिटल, आमानाका, रायपुर। मो.न. 9826126781 Email – akhterspritwala@gmail.com