मक्खन मलाई
लखनऊ की सुप्रसिध्द मिठाई।
प्यारा नाम है मक्खन मलाई।
हल्की और मुलायम होती
मुँह में रखते ही घुल जाती,
हर मौसम की भेंट अनूठी
मीठे नाश्ते रूप में भाती,
गलियों में आते ही ठेला
पड़ती मृदु आवाज सुनायी।
नाम में मक्खन और मलाई
अधिक न मक्खन, न ही मलाई,
दूध फेंटकर रात में रखते
झाग ओस में पड़े दिखायी,
चीनी, केवड़ा, इलायची की
भीनी गंध बहुत मनभायी।
बड़ी परातें सजी देखकर
मुँह में आ जाता है पानी,
मेवे कई पड़े हैं इसमें
केसरिया छवि लगे सुहानी,
लोकप्रिय स्वादिष्ठ स्वीट डिश
देती है मिठास सुखदायी।
प्यारा नाम है मक्खन मलाई।
— गौरीशंकर वैश्य विनम्र
