नया सवेरा
नया सवेरा आशा का संचार करेगा।
हमको हर बाधा से निश्चित पार करेगा।।
कल ये आंधी भी उतरेगी,
कल ये मौसम भी निखरेगा।
रंग खुशी का फिर से उड़कर,
सारी दुनिया में बिखरेगा।।
फिर हर्षित होकर तन श्रृंगार करेगा।
नया सवेरा आशा का संचार करेगा।।
आंसू के दिन नहीं टिकेंगे,
मुस्कानों के फूल खिलेंगे।
फिर पहले सी महफिल होंगी,
फिर खुलकर हम लोग मिलेंगे।।
ऊपरवाला हम पर ये उपकार करेगा।
नया सवेरा आशा का संचार करेगा।।
वो स्वर्णिम पल भी आएगा,
ये घातक डर मिट जाएगा।
सांसों पर संकट आया है,
ये जाएगा मन गाएगा।।
वो रहने, जीने लायक संसार करेगा।
नया सवेरा आशा का संचार करेगा।।
— हेमंत सिंह कुशवाह
