तेरी परछाईं!
विधा- कविता
शीर्षक- तेरी परछाईं!
मेरे साथ चलती है मेरी परछाईं,
लगता है साथ मेरे तू चलती आई,
आज क्यों दूर-सी खिसक रही है,
ग़मज़दा है तेरी तरह तेरी परछाईं!
खाई थी कसमें तूने बन कर रहूँगी,
सात जन्मों तक सनम तेरी परछाईं,
कई मोड़ मुड़ गई इसी जन्म में,
अलहदा है तेरी तरह तेरी परछाईं!
तन्हाइयों में साथ रहती थी मेरे,
हमदर्द-रहबर बनकर तेरी परछाईं,
जाने क्यों फिसलती जा रही है,
रंजीदा है तेरी तरह तेरी परछाईं!
करीब लाई थी किस्मत साथ हमें,
किस्मत ही शायद ला रही जुदाई,
चंद लम्हों तक तो साथ रहने दे इसे,
अलविदा न करे तेरी तरह तेरी परछाईं!
स्वरचित और मौलिक
लीला तिवानी
सम्प्रति ऑस्ट्रेलिया
