धर्म-संस्कृति-अध्यात्म

अमीराती जीवन व घटनाएँ

‘छोड़ चलें कदमों के निशाँ’
स्व देश के दूत हम हैं जवाँ,
विदेश में जाएँ जहाँ-जहाँ,
निज गौरव फैलाएँ वहाँ-वहाँ।
छोड़ चलें कदमों के निशाँ’

जब बालक माँ के गर्भ से बाहर आता है, तो पहला काम रोने का करता है। अपनी माँ की गोद में आकर वह शांत हो जाता है। इसी संदर्भ में प्रवासी मन को भी देखा जा सकता है।
यू.ए.ई. नाम के रेगिस्तानी देश में हरियाली आज है। यह वही है जो हमें ऊपर से दिखाई दे रहा है। लम्बी-चौड़ी सड़कें, ऊँचे-ऊँचे फ़्लाई-ओवर, सिग्नल-फ़्री रास्ते हमेशा से नहीं थे। रेगिस्तान के जहाज़ यानी ऊँट ही थे जिन्हें अरबी भाषा में ‘जमल’ कहा जाता है। इन मल्टीलेवल सड़कों पर 140 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दौड़ती हुई ये महँगी-महँगी कारें सब बाद में ही आई हैं। जो कारें भारत में बड़े-बड़े अभिनेताओं के पास या व्यापारियों के गैराज में दिखती हैं, और वे भी उसे उचित और विशेष अवसरों पर ही इस्तेमाल करते हैं, वे यहाँ की सड़कों पर हर समय भागती हुई मिल जाती हैं। समृद्धि की ये तसवीर कभी भ्रम में डाल देती है। और ‘श्यऊँ-श्यऊँ’ दौड़ती हुई तूफ़ानी कारें थमी हुए ज़िंदगी-सी जाम में फँसी छटपटाती बेचैन-सी भी रहती हैं। ट्रैफ़िक की समस्या दिल्ली-बंगलुरु से किसी भी सूरत में कम नहीं है।

‘बुर्ज खलीफ़ा’ के प्रसिद्ध देश में बंजारे और रेगिस्तान की तपती धूप में जीवन बिताने वाले गाँव भी मौजूद हैं। दूर-दूर नखलिस्तान के पास बस्तियाँ होती थीं। तभी काले लम्बे सींगों वाले हिरन जिन्हें ‘अरबी ऑरिक्स’ कहा जाता है, वह राष्ट्रीय पशु बना। बाज का खेल हमेशा से ही स्थानीय लोगों का प्रिय मनोरंजन रहा है। वे उसी से मन बहलाते थे। आजकल भी इसका खेल दिखाया जाता है। वह यहाँ का राष्ट्रीय पक्षी बना। 1966 में यहाँ तेल, जिसे काला सोना कहते हैं, मिला और 1971 में इस देश का निर्माण हुआ तब अमीरातीय एकता के बल पर कामगारों को अन्य देशों से बुलाकर 1972 में तेल का खनन प्रारंभ हुआ। ‘दुबई क्रीक’ बनी और निवास की धरती बढ़ने लगी।
खजूर के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध देश का राष्ट्रीय वृक्ष ताड़ का पेड़ नहीं है, ‘ग़ाफ़’ है। यह वही भारत के राजस्थान राज्य में पाना जाने वाला ‘खेजड़ी’ वृक्ष है जिसका वैज्ञानिक नाम ‘प्रोसोपिस सिनेरेरिया’ (Prosopis cineraria) है। जांट/जांटी, सांगरी (राजस्थान), छोंकरा (उत्तर प्रदेश), जंड (पंजाबी), कांडी (सिंध), वण्णि (तमिल), शमी, सुमरी (गुजराती) आदि इसके स्थान-स्थान के अनुसार बदले हुए नाम हैं।
बड़े काम का हूँ मैं मित्रों, फिर भी रहूँ हमेशा मौन,
रेगिस्तान में पाया जाता, बूझो तो जानूँ, मैं कौन?
मरु प्रांत का नृप कहलाता, बंजारों के आता काम,
अमीरात का राष्ट्रीय वृक्ष मैं, हिंदी में है ‘खेजड़ी’ नाम।
आज जिसे हम दुबई कहते हैं 50-60 किलोमीटर का अरब की खाड़ी / फारस की खाड़ी का हिस्सा है जो अत्त्याधुनिक रूप से विकसित है। दुबई से दक्षिण में अबु धाबी जाते हुए बड़े-बड़े रेगिस्तान के टीले और वास्तविक अरबी जीवन देखा जा सकता है या जैसे-जैसे उत्तरी अमीरातों की तरफ़ बढ़ते हैं, वह चमक-दमक कम होती जाती है। वीरानगी दिखाई देती है। वास्तविक अरब जीवन देखने के लिए अजमान, रस-अल-खैमाह-उम-अल-कुवैन तथा फुजैराह जाना चाहिए।
हम भी दुबई रहते हैं तो हमारी रचनाओं में भी वही झलकती है। काम के अवसर अधिक होने के कारण और विश्वप्रसिद्ध होने के कारण यहाँ अन्य अमीरातों की तुलना में महँगाई अधिक है। अधिकतर भारतीय दुबई में काम करते हैं और शारजाह या अजमान की अमीरात में रहते हैं। प्रतिदिन ट्रैफ़िक में घंटों फँसकर आना-जाना बहुत कष्टदायक है जिसकी मजबूरी है वही इस पीड़ा को समझ सकता है। सरपट भागते शहर के मध्य उसका उससे भी जीवन दूनी रफ़्तार से भागता जा रहा है और वह उसको पकड़ नहीं पा रहा है।
शिक्षा, चिकित्सा, घर अन्य अमीरातों से अधिक हैं। लगभग सभी देशों के प्रवासी बसे हुए हैं तो इस कारण दुबई की संस्कृति भी अन्य अमीरातों की अपेक्षा अंतरराष्ट्रीय स्तर की है। रहन-सहन का स्तर अच्छा दिखाई देता है। छोटे-छोटे बच्चे सोने की पाजेब पहने मिलते हैं। पर उसका कारण है- एक तो यह चलन दक्षिण भारत के लोगों में है और वे यहाँ अपने बच्चों को पहना पाते हैं। दूसरे- क्योंकि सुरक्षा की भावना यहाँ अधिक रहती है।
अरबी की बजाय यू.ए.ई. के मूल निवासी अमीराती कहलाते हैं। वे बड़े उदारदिल माने जाते हैं। अपना अनुभव बताती हूँ। जब मैं पहली बार दुबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की लाइन में लगी हुई थी तो डेढ़ साल का बेटा बार-बार गोदी से उतरकर इधर-उधर भाग रहा था। डिवाइडिंग के लिए लगी हुई रस्सी को पकड़कर झूल भी रहा था। मुझे डर था कि वहाँ इमिग्रेशन की सहायता के लिए और अनुशासन बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मी बच्चे को सँभालने के लिए फटकार लगाएगा। किंतु उसने मुझे मेरे सामान सहित लाइन से निकाला और सबसे आगे ले जाकर खड़ा कर दिया।
यहाँ पुलिस से आतंकित नहीं होना पड़ता। वे सदा सहायता के लिए आगे रहते हैं। दुबई, शारजाह, अजमान में अगर हम सुबह के समय किसी स्कूल के आगे से निकलें तो आप देखेंगे कि पुलिस वाले स्कूली बच्चों को सड़क पार कराने के लिए ट्रैफिक को कंट्रोल करते हैं। पुलिस जुर्माना भी तगड़ा लगाती है। पैदल चलने वाले का ध्यान वाहन चालकों को रखना होता है। कानून का यहाँ सभी पालन करते हैं, उनके अपने देश में चाहे वे उसकी भरपूर उपेक्षा करते रहे हों।
आम जनता तो इतनी चुस्त फुर्त नहीं होती परंतु पुलिस में बहुत शातिर लोग भरती रहते हैं। पुलिस को शुर्ती कहा ही जाता है। उनके कितने ही किस्से हैं कि 24 घंटे के भीतर वे बड़े से बड़े अपराधी को धर दबोचते हैं। 2016 की बात है- वाफ़ी माल के एक ज्वैलरी शोरूम चोरी इस प्रकार हुई कि ऑडी कार से शीशे की दीवार को टक्कर मारकर तोड़ा गया और सारा सामान लूट कर लुटेरे कार में सवार होकर भाग गए। 24 घंटे के अंदर ही वे पकड़े गए। ऐसे बहुत से किस्से हैं।
वैसे तो यह विश्वकीर्तिमान और विश्व भर के अजूबों का देश है, फिर भी मुझे जो चीज़ें बहुत आकर्षित करती हैं, वे हैं- गोल्ड एटीएम और ब्रैड एटीएम। दोनों की उद्देश्य एक-दूसरे के विपरीत है। अधिक पैसे वालों के लिए सोने के सिक्के खरीदने के लिए गोल्ड एटीएम है तो गरीब के लिए बिना पैसे दिए दो ‘खबूस’ या ‘खुब्ज़’ प्राप्त करने को ब्रैड एटीएम है। इससे तीन प्रकार के खाद्य नि:शुल्क मिलते हैं।

  1. अरबी फ्लैट ब्रैड, जिसे अरबी भाषा में ‘खुब्ज़’ व अंग्रेज़ी में ‘पीटा ब्रैड’ कहते हैं।
  2. पश्चिम तरह का ‘फिंगर रोल’, जिसे बेलनाकार ब्रैड कहते हैं।
  3. भारतीय चपाती, जिसका स्वाद सबसे निराला है।
    यद्यपि अनेक प्रकार के व्यंजन बनाने वाली ए.टी.एम. अब अस्पतालों आदि में भी हैं जिनसे अंकित राशि का भुगतान करते ही मानव हस्तक्षेप के बिना ही ‘जर्म-फ्री’ पिज़्ज़ा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज़ आदि तैयार होकर बाहर आता है, वह भी गर्मागर्म किंतु नि:शुल्क खाना प्रदान करने से बड़ा सेवाभाव और पुण्य कुछ नहीं है।
    ए.टी.एम. का पूरा नाम ‘ऑटोमैटिक टैलर मशीन’ कभी ‘एनी टाइम मनी’ के रूप में लिया जाता है जिस मिथ को तोड़ने का काम ये नई प्रकार की ए.टी.एम. कर रही हैं। वर्ष 2014 से ही ‘दुबई मॉल’, ‘इब्न बतूता मॉल’ और ‘मॉल ऑफ़ एमिरेट्स’ आदि में ‘गोल्ड ए.टी.एम.’ लगी हुई है जिससे ठोस सोने के सिक्के और बिस्कुट वाजिब दाम देकर निकाले जा सकते हैं। ‘दुबई – ट सिटी ऑफ़ गोल्ड’ के लिए यह एक सम्मानजनक शुरुआत है कि पर्यटक और विदेशी यात्री अपने मनचाहा ग्राम का सोने का सिक्का यहाँ से अपने साथ खरीदकर ले जा सकते हैं।
    स्वदेश धरा से आए दूर,
    काम-नाम से हो मजबूर,
    इस धरा ने अतुलित किया,
    हमारा स्वागत है भरपूर।
    परंपरा कहती है हमारी,
    अब आई हमारी है बारी,
    इस की सुगंध में हम भर दें,
    अपनी संस्कृति की फुलवारी।

— डॉ. आरती ‘लोकेश’

डॉ. आरती ‘लोकेश’

दुबई, यू.ए.ई. Mobile: +971504270752 Email: arti.goel@hotmail.com https://www.amazon.com/author/drartilokesh https://notionpress.com/author/314504