जग-जाहिर
“आ गई मैडम जी लटके-झटके दिखाकर सबको अपने वश में करने वाली । बला की खुबसूरत है तभी तो बॉस को भी अपने अंगुलियों के इशारे पर नचाती है ।”
“अरे ! धीरे बोलो; मैडम सुन लेंगी तो जिला स्थानांतरण हो या ना हो, टेबल जरूर बदल जायेगा ।”
ऐसी बातें उसे प्रायः सुनने को मिलती थी । दिल करता जोर-जोर से सबको चींख चींख कर सुनाये– आप सभी को मेरे चेहरे की सुंदरता दिखाई देती है । काश मेरे छलनी दिल और कंगाल जेब पर भी किसी की नज़र जाती ।
अपने भाई-बहनों को पढाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने में पैंतीस बसंत अपना गंवा चुकी हूँ । रोज अपने चेहरे पर आई लकीरों को छुपाने के लिए आफिस आने से पहले घंटों मेहनत करने पड़ते हैं ।
जब भी आईने के सामने खड़ी होती हूँ मुझे अपने चेहरे पर मासूमियत नहीं बल्कि मेकअप की परतें दिखाई देती हैं । अपनी पीड़ा और अपना दर्द जमाने को दिखाने से जो बेबसी एवं बेचारगी के भाव हमारे लिये लोगों के चेहरे पर नज़र आयेंगे मैं उन्हें सहन नहीं कर पाऊंगी ।
ना जाने और कितनी देर दर्पण से बातें करती रहती ध्यान भंग हुआ– “दीदी आप कितनी सुन्दर हैं ! आप शायद इसीलिए स्वयं को देर तक निहारती रहती हैं।”
“नहीं बहन स्वयं को इसलिए संवारती हूँ कि मेरी पीड़ा और मेरी कमजोरी जग-जाहिर ना हो जाये ।
— आरती राय
