मुक्तक/दोहा

गाली देकर सोचते, जीतेंगे मैदान

गाली देकर सोचते, जीतेंगे मैदान।
कर्म बताएगा सभी, किसकी क्या पहचान॥

भीड़ जुटाकर चल पड़े, खुद को समझें शेर।
सच की एक दहाड़ से, खुलता सारा फेर॥

जिनकी बोली में ज़हर, दिल में भरा विकार।
वे ही देते घूमकर, नैतिकता उपहार॥

कल तक थे जो साथ में, आज बने अनजान।
कुर्सी की खातिर यहाँ, बिकता हर ईमान॥

जनता के सेवक बने, करते खूब दिखाव।
भीतर-भीतर स्वार्थ का, चलता अपना दाँव॥

सच बोलो तो दुश्मनी, झूठ कहो तो प्यार।
कैसा अंधा दौर है, कैसा ये दरबार॥

जितना इनको टोकिए, उतना करें प्रहार।
अपनी गलती मानना, लगता इन्हें विकार॥

चेहरे पर सद्भाव है, भीतर कपटी मात।
मौका मिलते ही करें, रिश्तों पर आघात॥

शोर मचाकर आज वे, सच को कहते झूठ।
तख्त आपका था कभी, भूले ना वो लूट॥

जनता सब कुछ देखती, रखती पूरा ध्यान।
वोट पड़े जब हो तभी, सौरभ सही निदान॥

— डॉ. प्रियंका सौरभ

*डॉ. प्रियंका सौरभ

रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, कवयित्री, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार, (मो.) 7015375570 (वार्ता+वाट्स एप) facebook - https://www.facebook.com/PriyankaSaurabh20/ twitter- https://twitter.com/pari_saurabh