प्रेम सुधा रस
सात जन्मों का क्या सोचना
पहले जो मिला है उसको तो जी लो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो ।।
अक्सर हम भविष्य की ही सोचते
या भूतकाल में खोये रहते
न उठा पाते वर्तमान का आनन्द
बाद में जी भरकर खुद को कोसते।
गुजरा समय फिर वापस न आए
सुन लो मेरी बात ऐ रंगीलो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो।।
आज भी कुछ कम खूबसूरत नही
कल-परसों पर क्यों करें भरोसा
जी भरकर लीजिए आज का मजा
प्रकृति ने क्या कुछ नही परोसा ।
सुंदरता भरी पड़ी है कण-कण में
ह्रदय झंकार में इन्हें पिरो लो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो ।।
यादों में ही दिन भर बस डूबे रहते
क्या वह समय था हम हरदम कहते
वर्तमान के सुख से रहते अनभिज्ञ
और अनगिनत सन्ताप सहते रहते।
मत करो वर्तमान की अनदेखी
सुन लो मेरी बात ऐ हठीलो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो ।।
ऐ मेरे मन अब तू और न भटक
जो उपलब्ध है उसका स्वाद गटक
चल रहा है कितना सुंदर प्रवचन
तू भी दौड़कर इसका हिस्सा बन।
रोज- रोज न मिले गा ऐसा अवसर
बांसुरी बजा रहा है छैल छबीलो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो।।
सात जन्मों तक का क्या सोचना
पहले जो मिला है उसको तो जी लो
प्रेम सुधा रस जो बरस रहा है
उसको तुम तबीयत भर पी लो।।
— नवल अग्रवाल
