पुस्तक समीक्षा

समीक्षा – स्काईलैब – साहित्यक पत्रिका

साहित्य समाज का दर्पण होता है और इसी कसौटी पर त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका ‘स्काईलैब’ खरी उतरती है। यह पत्रिका अपने आप में साहित्य का प्रामाणिक दस्तावेज है, जहाँ हर शब्द के उस पार एक अनहद नाद सुनाई देता है, जो पूरे आकाश को समेटे हुए है।

इस अंक में रचनाकारों की अभिव्यक्ति, भाषा चाहे मातृभाषा हो या क्षेत्रीय, हर एक में कलात्मक प्रयोग और रचनाधर्मिता का सही आकलन किया गया है।

काव्य वीथिका में विविध रंग:
‘भूले-बिसरे पन्ने’ स्तम्भ के साथ ओम प्रकाश नूर, ए.आर. आजाद, रमेश कँवल की ग़ज़लों का संसार सजाया गया है। गीतों में डॉ. निवेदिता बांदिल के भाव, संदीप जी के दोहे और डॉ. प्रियंका जी के लेखन ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। नवगीत में महंगाई और रोटियों की भूख पर अशोक आनन का लेखन मार्मिक है।

विनय प्रकाश जैन, सुविधा पंडित, विकास बिंदल, हमीद कानपुरी, आतिश इन्दौरी, डॉ. अशोक गोयल, वाकिफ काजी, निर्मल हरि, बिदावन राय सहित अनेक रचनाकारों ने अपने सृजन से साहित्य को नई ऊंचाई देने का प्रयास किया है।

क्षेत्रीय भाषाओं में कुमरावत जी की निमाड़ी ग़ज़ल विशेष उल्लेखनीय है। अन्य रचनाकारों – नीलमणि, अनुज प्रभात, रमेश मनोहरा, मोनिका डागा, डॉ. ऋतु अग्रवाल, गीतांजलि मिश्रा, मीना भट्ट, नेत्रा रावणकर, बलजीत सिंह बेनाम और आपके स्वयं हरिहर सिंह चौहान की रचनाओं में चिंतन-मनन की गहरी पैठ दिखाई देती है।

कथा और लेख:
कथा खंड में भूपेन्द्र भारतीय की ‘सफेद कार’, द्रोपदी साहू की ‘दो बच्चियां’, अरुण कुमार डनायक की यूजीसी पर रचना, मानसिंह शरद की ‘आंगन के नागफनी’, रीति झा की ‘प्रतीक्षा’ – जीवन में उत्साह, प्रेम और दोस्ती को लेकर साहित्य मंथन का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

व्यंग्य वीथिका:
वरिष्ठ लेखक विवेक रंजन श्रीवास्तव ने ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ पर बेबाक और निष्पक्ष व्यंग्य लिखा है, जो सच्चाई को उजागर करता है। वहीं इन्दौर के वरिष्ठ पत्रकार, जो हाल ही में उज्जैन के दैनिक स्वदेश में कार्यरत थे, ने ‘रात है या बारात फूलों की’ में फूलों पर गहरी बात लिखी है, उनका अंदाज सबसे जुदा है।

पुस्तक चर्चा:
‘वात कवई गई, वात s वात त्रासदियों का दौर’ और ‘आला और अफज़ल एक मुसव्विर’ पर आशीष दशोत्तर का सृजनात्मक लेखन भी इस अंक की शोभा बढ़ाता है।

निष्कर्ष:
कुल मिलाकर स्काईलैब पत्रिका का यह अंक साहित्य जगत के लिए वैचारिक और प्रामाणिक दस्तावेज है। इसमें अभी और भी संभावनाएं हैं, जिसके लिए लेखकों, कवियों और साहित्यकारों को अपनी श्रेष्ठ कृतियों के माध्यम से सहयोग देना होगा, ताकि अच्छा पढ़ने और लिखने का समन्वय बना रहे।

स्काईलैब की पूरी संपादकीय टीम को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।

समीक्षा स्वतंत्र लेखक व समीक्षक : हरिहर सिंह चौहान

हरिहर सिंह चौहान

जबरी बाग नसिया इन्दौर मध्यप्रदेश 452001 मोबाइल 9826084157