किसी को नुकसान पहुँचाना : घृणित मानसिकता या कुछ और
राजस्थान पत्रिका के 10 सितम्बर, 2026 के गुजरात संस्करण में छपी दिल दहलाने वाली एक खबर ने सोचने पर मजबूर कर दिया। गुजरात के सूरत शहर के सरौली स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट के गौदामों में 8-9 सितम्बर, 2026 की मध्य रात्रि कोे भीषण आग लग गयी, जिसमें लगभग 14 दुकानें व 24 करोड़ रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। इस घटना से पूरा शहर दहल गया।
सूत्रों से पता चला कि इस घटना को अंजाम उसी मार्केट में पूर्व में कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा अपने ही कार्यस्थल में पेट्रोल छिड़क के आग लगाकर किया गया। इस प्रकार की घटना क्यों हुई और इसके होने के पीछे असली वजह क्या रही होगी। जब पुलिस प्रशासन द्वारा इस घटना की तहकीकात की गई तो पता चला कि उसी मार्केट के किसी कपड़े के गौदाम में पूर्व में लेखापाल ;।बबवनदजंदजद्ध के पद पर उक्त कर्मचारी कार्य करता था। गौदाम मालिक ने किसी बात को लेकर उसे अपनी दुकान से निकाल दिया और उसके वेतन के बकाया 10000/- रुपये भी रोक लिये। कर्मचारी द्वारा अपने पूर्व मालिक से उन रोके गये पैसों को देने के लिए कई बार कहा गया। बार-बार पैसों का तकाजा करने पर भी मालिक ने न तो वे बकाया रुपये दिए और-तो-और उसको अपमानित भी किया। अपने हक के पैसे न मिलने एवं बार-बार होने वाले अपमान से वह दुःखी और विचलित हो गया। मालिक द्वारा किये गये इस दुर्व्यवहार को वह सहन नहीं कर पाया। तब कहीं जाकर उसने क्रोधवश इस घटना को अंजाम देने का निर्णय लिया होगा।
उसने यह जो कुछ भी किया वह माफी के योग्य नहीं था। उसने एक क्षण भी यह नहीं सोचा कि वह जो कुछ भी कर रहा है उसका परिणाम कितना गम्भीर हो सकता है। उसके इस कृत्य से न केवल एक गौदाम बल्कि साथ में 14 गौदाम भी उस विकराल दावानल के भेट चढ़ गये। करोड़ों रूपयों का आर्थिक नुकसान हुआ सो अलग। जबकि बाकी गौदाम मालिकों का तो उससे कोई लेना-देना भी नहीं था। उसके द्वारा किये गये इस कृत्य ने पूरे देश के कारखाना मालिकों एवं व्यवसायियों के दिल में एक दहशत पैदा कर दी।
यदि सोचा जाए तो उस समय उसकी मानसिकता कैसी रही होगी कि जो इस घृणित कार्य को उसने अंजाम दिया। उसके दिल और दिमाग में उस वक्त न जाने क्या चल रहा होगा? उन बकाया पैसों की उसे कितनी आवश्यकता रही होगी? हो सकता है उसके माता-पिता, पत्नी या फिर बच्चें बीमार हो। यह भी हो सकता है कि उसे अपनी जीविका चलाने के लिए कोई दूसरा कार्य नहीं मिला हो। यह सब जिस पर बीतती है उसे ही पता चलता है। दुनिया वाले तो सिर्फ बातें कर सकते हैं।
अब बात करते हैं उस व्यवसायी कि जिसने न केवल उसके हक के पैसों को रोके रखा बल्कि बार-बार मांगने पर उसे अपमानित भी किया। काश उस व्यवसायी ने विवेक और धैर्यता से उक्त कर्मचारी की बात को गौर से सुना होता तो उसे इतना बड़ा नुकसान नहीं उठाना पड़ता। ऐसा लगता है कि उसने रामचरितमानस का लंकाकाण्ड अध्याय नहीं पढ़ा होगा। जिसमें लंकाधिपति रावण द्वारा अंहकारवश भरी सभा में वीर हनुमानजी को एक तुच्छ वानर कह कर अपमानित किया था। जिसका परिणाम यह रहा कि उसी तुच्छ वानर (हनुमानजी) ने पूरी लंका जिस पर रावण को बहुत घमण्ड था उसी को जला कर राख के ढ़ेर में बदल दिया।
उस व्यवसायी के इस प्रकार के व्यवहार ने न केवल स्वयं का नुकसान करवाया साथ-ही-साथ अपने पड़ौसी दुकानदारों का भी। मेरा ऐसा मानना है कि यदि उसे उक्त कर्मचारी को अपने साथ नहीं रखना था तो उसको बिना अपमानित किये उसके हक के पैसों को उसे दे देना चाहिए। जबकि हमारे देश में एक कहावत बहुत ही प्रसिद्ध हैं कि- ‘‘मजदूर का पसीना सूखने से पहले उसकी मजदूरी मिल जानी चाहिए।’’ इस घटना के घटित होने के पश्चात् यह लगता है कि ये बातें सिर्फ किताबों अथवा बोलचाल में ही कही या पढ़ी जाती है। जबकि वास्तविकता इससे कौसों दूर हैं।
मित्रों! यहाँ ऐसे सभी कारखाना मालिकों, व्यवसायियों एवं निजी संस्थानों के प्रबन्धकों से मात्र इतना ही निवेदन है कि आपके अधीन जो भी व्यक्ति आपके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में अपनी सेवाएँ दे रहा है उसे सिर्फ एक कर्मचारी न मानकर अपने परिवार का सदस्य समझें। वह कुछ प्रतिफल (वेतन) के लिए ही सही लेकिन सिर्फ-और-सिर्फ आपके व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सोचता रहता है। आप उसकी भावनाओं एवं कार्यों का सम्मान करेंगे तो यकिन मानिए वह कभी भी आपको नुकसान पहुँचाने जैसा कदम नहीं उठाएगा। यदि फिर भी आप उसके व्यवहार अथवा कार्यों से सन्तुष्ठ नहीं भी हो तो कार्यमुक्त करते समय उसके हक की राशि (वेतन$पी.एफ.$ग्रेच्युटी) जो कुछ भी बकाया हो उसे ससम्मान के साथ देकर इस वादे के साथ विदा करें कि मिलते रहना। क्या पता कि कब कौन दोबारा काम आ जाए। इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसलिए आप सभी को सूझबूझ, धैर्यता के साथ विनम्रता अवश्य रखनी चाहिए।
— राजीव नेपालिया (माथुर)
