लघुकथा

चुभन

क्लिनिक का ड्रेसिंग रूम.

एक आदमी बाँह पर नर्स से इंजेक्शन लगवा रहा था.

उसी वक्त पास खड़ा दूसरा आदमी उसे देखते हुए अनजाने में हाथ आगे बढ़ा बैठा, जिससे उसकी एक उँगली मेज़ पर रखी खाली नीडल से छू गई और नीडल हल्की सी उस अंगुली में चुभ गई.

“आह!” वह चौंककर चिल्ला उठा.

पहला आदमी, जो तब तक इंजेक्शन लगवा चुका था, यह देखकर ज़ोर से हँसा और बोला,

“अरे! मुझे पूरा इंजेक्शन लगा – मैंने सह लिया, और तुम्हें बस ज़रा सी सुई चुभी तो इतना हल्ला?”

दूसरा आदमी अपनी उँगली देखते हुए बोला,

“हाँ… क्योंकि फर्क है – तुम दर्द के लिए तैयार थे, और मुझे दर्द की उम्मीद नहीं थी.”

और, ड्रेसिंग रूम में सन्नाटा छा गया.

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी

डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी शिक्षा: विद्या वाचस्पति (Ph.D.) सम्प्रति: सह आचार्य (कम्प्यूटर विज्ञान) साहित्यिक लेखन विधा: कविता, लघुकथा, बाल कथा, कहानी 18 पुस्तकें प्रकाशित, 10 संपादित पुस्तकें 53+ शोध पत्र प्रकाशित 70+ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त फ़ोन: 9928544749 ईमेल: writerchandresh@gmail.com डाक का पता: 3 प 46, प्रभात नगर, सेक्टर-5, हिरण मगरी, उदयपुर (राजस्थान) – 313 002 यू आर एल: https://sites.google.com/view/chandresh-c/about ब्लॉग: http://laghukathaduniya.blogspot.in/