मिडिल मेनेजमेंट : मानो या ना मानो लेकिन आँख मींचकर नहीं
कई वर्षों से आस्था और अनास्था दो गुटों में विभक्त दिखाई देती है. ये गुट मूल रूप से आस्था और अनास्था के हैं ही नहीं. क्योंकि हर व्यक्ति की किसी न किसी में आस्था ज़रूर होती ही है.
मैं जिन दो गुटों की बात कर रहा हूँ, वे हैं एक तो धर्म की बातों को आँख मींच कर मानने वाले और दूसरे अंधे होकर बिलकुल भी न मानने वाले.
ख़ास तौर पर, किसी त्यौहार पर तो कुछ न कुछ बात चलती ही रहती हैं. सोशल मीडिया पर संस्कृति की बातों को असांस्कृतिक तरीके से कहने का चलन बन गया है और कुल मिलाकर तीसरे तरह के लोग जो संस्कृति का रक्षण और उत्थान चाहते हैं साथ ही सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं, इस प्रकार की चर्चाओं के कारण त्यौहार का वे भी सही-सही आनंद नहीं ले पाते हैं. साथ ही संस्कृति का भी मखौल सा उड़ रहा है, जो किसी भी सूरत में ठीक नहीं.
बहरहाल, सबसे पहली बात संस्कृति की है कि किसी भी धर्म-सम्प्रदाय की संस्कृति ने जिन त्यौहारों व रीतियों का उद्भव किया है, वह क्यों हुआ, यह कुछ त्यौहारों के लिए अज्ञात है तथा कुछ रीतियों का भी समय के साथ परिष्करण नहीं हुआ.
बिना उदाहरण दिए इतना ही कहना चाहूँगा कि, समय के साथ जो बातें समाज ने स्वीकार कर ली हैं, उनके लिए अधिकारिक परिष्करण आवश्यक है ही. यह तो साफ़ दिखाई दे रहा है. (हालांकि होना यह चाहिए था कि अधिकारिक परिष्करण पहले हो और समाज बाद में माने.) और यह पहले होता भी आया, हिन्दू धर्म में देखिए भगवान् कृष्ण ने इंद्र की पूजा की बजाय गोवर्धन पूजा की रीती बनाई. श्रीरामजी ने एक पत्नी व्रत के रास्ते दिखाए, और भी बहुत कुछ हुआ. यही कारण है कि यह संस्कृति को समय अपने साथ लेकर चलती आई और सनातन कहलाई.
दूसरे प्रकार के लोगों के लिए जो विज्ञान का हवाला देकर यह कहते हैं कि जो बात विज्ञान ने सिद्ध नहीं की है, उसे वे नहीं मानते. उनमें से कईयों को तो विज्ञान की अधिक जानकारी भी नहीं होती. मशहूर विज्ञान पत्रिका ‘एनालेन डे फिज़ीक’ में 27 सितंबर 1905 को प्रकाशित आइन्स्टाइन का e=mc(square) का फ़ॉर्मूला ले लीजिए. यहाँ आइन्स्टाइन ने यह अवधारणा दी कि किसी भी इकाई के कुल द्रव्यमान को यदि प्रकाश की गति के वर्ग से गुणा किया जाए तो उस इकाई की कुल ऊर्जा ज्ञात हो सकती है. लेकिन आइन्स्टाइन खुद ही अपनी इस अवधारणा को सिद्ध नहीं कर सके थे. आइंस्टीन के यह अवधारणा देने के करीब 113
सालों बाद जर्मन,फ्रेंच और हंगरी के वैज्ञानिकों ने इसकी पुष्टि की और उनके प्रयोगों में यह फ़ॉर्मूला प्रामाणिक सिद्ध हुआ. लेकिन इसके (2018 के) बहुत पहले अमेरिका के न्यूक्लियर पावर स्टेशनों में इस अवधारणा के इम्प्लीमेंटेशन की कोशिशें की गईं. रिएक्टरों में न्यूट्रॉन्स व यूरेनियम के परमाणुओं के साथ प्रयोग हुए और एक बड़ी ऊर्जा उत्पन्न हुई. और इस असिद्ध फ़ॉर्मूला ने एटम बम बना दिया. कुल मिलाकर यह फ़ॉर्मूला प्रतिपादित हो, उसके पहले ही उसके output ने यह सिद्ध कर दिया यह फार्मूला कारगर है. कितनी ऊर्जा उत्पन्न होती है, द्रव्यमान और प्रकाश की गति में कोई सह-सम्बन्ध है या नहीं, यह तो आज भी चर्चा का विषय है लेकिन एटम बम इस अवधारणा से बना एक ज़िंदा उदहारण है. तो पहली बात यह कही जा सकती है कि हम output पर विश्वास करते हैं, अवधारणा पर नहीं.
एक दूसरे उदाहरण पर बात करते हैं – न्यूटन के क्रिया-प्रतिक्रिया नियम पर. यह कहता है कि प्रत्येक क्रिया की एक निश्चित प्रतिक्रिया होती ही है. यहाँ भौतिक शास्त्र के अनुसार भौतिक बातों के लिए तो यह सत्य है ही लेकिन यदि मानसिक क्रियाओं की भी बात सोचें तो याद करिए, ‘सकारात्मक रहिए – कोविड से बचे रहेंगे’… ‘दिमाग में तनाव मत लाइए और बीपी-डायबिटीज़ कंट्रोल्ड रहेंगे’… ये बातें यह सिद्ध करती हैं कि हमारे विचारों की क्रियाओं की प्रतिक्रियाएं भी होती हैं. इससे सम्बन्धित कुछ साधारण बातें और भी हैं जैसे भड़ास निकाल दी तो मन शांत हो गया, मेडिटेशन किया तो शरीर को अच्छा लगा… आदि. आदि.
अर्थात विज्ञान की ये दो बातें सिद्ध हैं कि
- हम output पर विश्वास करते हैं, अवधारणा पर नहीं.
- विचारों की क्रियाओं की भी प्रतिक्रियाएं होती हैं
अब बात करते हैं – आज की – करवा चौथ की. इसे न मानने वाले कह रहे हैं कि अधिकतर स्थानों पर यह नहीं मनाया जाता, तो क्या पुरुषों की उम्र कम हो जाती है? यह प्रश्न बिलकुल वैसे ही है, जैसे मछलियाँ फिल्टर्ड वाटर नहीं पीती हैं तो क्या वे मर जाती हैं? या फिर शेर मांस पका कर नहीं खाता तो क्या उसके शरीर में बीमारियाँ लग जाती हैं? मेरे कहने का अर्थ यह कि हमारे शरीर और मन उसी तरह से हैं जिस तरह से हम पीढ़ियों से ढालते आए, और हम वैसे ही बन जाते हैं, क्योंकि डीएनए उसके अनुसार ढलता जाता है, कोशिकाओं की मेमोरी में यह आता जाता है और यह सत्य है कि हमारी संस्कृति की इसमें अहम् भूमिका है. वैसे भी अन्य स्थानों पर विभिन्न त्यौहार मनाए जाते ही हैं, अलग-अलग रीतियाँ भी हैं, जो दूसरी जगहों पर नहीं होतीं. जैसे ईसाईयों में यह माना जाता है कि क्रॉस के बिना मोक्ष (salvation) नहीं है. यह उनका विश्वास है और एक अच्छी बात भी है.
खैर, करवा चौथ के लिए हम यदि बात करें तो, पहली वैज्ञानिक बात कि //हम output पर विश्वास करते हैं, अवधारणा पर नहीं// तो क्या कोई output है जो यह सिद्ध करता हो कि कभी ऐसा हुआ? फिलहाल नहीं, इसलिए नहीं है क्योंकि आज के समय में कोई ढंग की शोध हुई ही नहीं तो सिद्ध होना मुश्किल है.
लेकिन दूसरी वैज्ञानिक बात से यह पहली बात सिद्ध हो सकती है. //विचारों की क्रियाओं की भी प्रतिक्रियाएं होती हैं.// यह बात विज्ञान सहित कई लोगों ने सिद्ध की है, हम जैसे विचार रखते हैं, वैसे ही बनते हैं और वैसा ही आसपास वातावरण भी बनाते हैं.
यदि करवा चौथ के व्रत के साथ ऐसे विचार जो कि पति की लम्बी उम्र के लिए हों तो उसकी प्रतिक्रिया क्यों नहीं होगी! प्रसिद्द ‘लॉ ऑफ़ अट्रेक्शन’ भी तो यही कह रहा है कि होगी ही. यह सिद्धांत तो दुनिया में काफी प्रसिद्द भी है और कारगर भी. इसके कई output भी हैं, जो आपको जगह-जगह मिल जाएंगे. चूँकि हम अवधारणाओं पर नहीं बल्कि output पर विश्वास रखते हैं तो लॉ ऑफ़ अट्रेक्शन से जुड़ कर करवा चौथ की अवधारणा भी स्वतः सिद्ध हो ही रही है.
अब रही बात भूखे रहने की तो, यदि हम ध्यान खाने-पीने की बजाय अपने विचारों पर लगाएं तो उनकी फ्रीक्वेंसी अधिक अच्छे तरीके से काम करती है. फिर संस्कृति भी ऐसी ही रही कि किसी भी व्रत में कुछ विशेष होता ही है. और सकारात्मक सोच से तो लाभ होता ही है.
आप न मानिए, लेकिन ज़रा सी आँख खोल कर वैज्ञानिक तरीके से.
अब मैं थोड़ा सा पहले वाले गुट की तरफ आना चाहूँगा, जो हर बात को आँख मींचकर कर मान लेते हैं.
मित्रों, समय के साथ महिलाओं की स्थिति बदली है, वे नौकरियाँ करती हैं, अपेक्षाकृत अधिक समय घर से बाहर देती हैं, तो इन परिस्थितियों में यदि इस रीती को भी कुछ परिष्कृत आधिकारिक रूप से किया जाए तो यह मिडिल मेनेजमेंट हमारी संस्कृति को और उन्नत करने में सहायक होगा ही.
इस मिडिल मेनेजमेंट में क्या-क्या परिष्करण हो सकता है, वह अलग चर्चा का विषय है. फिलहाल और कुछ न कहते हुए मैं इतना ही कहूँगा कि कुरीति कुछ नहीं होती, बल्कि एक समय की सर्वमान्य रीती होती है, जो समय के साथ परिष्कृत नहीं हुई यदि हो जाए तो वह भी सर्वमान्य सामायिक रीती हो सकती है. किसी भी संस्कृति और रीतियों पर प्रश्न करने से पहले अध्ययन अवश्य करें और आँख मींचकर विश्वास करने से पहले भी.
जो यह कहते हैं कि जो मानते हैं वे ही प्रमाण दें, तो कृपया थॉमस अल्वा एडिसन का यह quote भी याद करें कि “I have not failed. I’ve just found 10,000 ways that won’t work.” (10,000 तरीके ना मानने के)
