कविता

अब हुंकार भरेगी जनता

प्रशासन में बैठे कर्णधारों,
वंचितों के हक़ की बातों पर खामोश क्यों हो?
सिंहासन की अंधी गलियों में खोए हो,
जनता के इस भीषण आक्रोश से बेहोश क्यों हो?
मखमली गद्दों पर सोने वालों,होश में आओ,
भूख की तड़प और सूखी रोटियों का दर्द पहचानो,
ये जो मूक रहकर तमाशा देख रहे हो तुम,
कांप उठेगा तख्त तुम्हारा,मेरी बात ये मानो,
फाइलों की कोठरी में न्याय को कैद न करो,
शोषितों के खून से अपने महल को न रंगो,
जो अधिकार उनका है,वो अधिकार उन्हें दो,
अब और सब्र की परीक्षा लेने की भूल न करो,
जब एक-एक हाथ उठकर मशाल बन जाएगा,
तुम्हारी खामोशी का यह साम्राज्य ढह जाएगा,
इंकलाब की ज्वाला जब बस्तियों से भड़केगी,
तब सत्ता की हर एक कुर्सी थर-थर कांपेगी,
तोड़ो इस जड़ता को,वरना इतिहास गवाह है,
मजलूमों की आह में छिपा महाविनाश है,
उठो,न्याय की गूंज से इस धरा को गुंजायमान करो,
जनता के हक़ का,जनता की ताकत का सम्मान करो।

— राजेन्द्र लाहिरी

राजेन्द्र लाहिरी

पामगढ़, जिला जांजगीर चाम्पा, छ. ग.495554