लघुकथा

काजू कतली

ऑफिस में दीपावली का माहौल पूरी तरह जम चुका था। कामकाज लगभग ठप था। कर्मचारी छोटी-छोटी टोलियाँ बनाकर इधर-उधर खड़े गपशप में मशगूल थे।

कोई इस बार मिलने वाले बोनस की तारीख जानना चाहता था, तो किसी को दीपावली पर मिलने वाले गिफ्ट की चिंता थी। कोई छुट्टियों में घूमने जाने का प्लान बना रहा था, तो कोई पहले से ही अपनी खरीदारी का हिसाब-किताब लगा रहा था।

अब दीपावली में बस तीन दिन बाकी थे।

इतने में चपरासी मिठाई के कुछ डिब्बे लेकर एचआर डिपार्टमेंट में पहुँचा। मुस्कराते हुए बोला, “सर, मिठाई फाइनल करने के लिए सैंपल आए हैं।”

सबने उत्सुकता से डिब्बे खुलवाए। मिठाई देखते ही कई चेहरे उतर गए। किसी ने मुँह बिचकाया तो किसी ने नाक सिकोड़ ली।

“अरे! फिर वही मावे की मिठाई!” मिसेज वर्गीज ने कहा, “मेरे घर में तो इसे कोई छूता तक नहीं।”

इतने में मिस्टर पुरी बोल पड़े, “मेरे यहाँ तो मिठाई के सारे डिब्बे कामवाली के हिस्से में ही जाते हैं। यार, काजू कतली ही ठीक रहती है खाने में। बाकी सब तो बस नाम की मिठाई हैं!”

उनकी बात पर कई लोगों ने हामी भरी। कोई काजू कतली के पक्ष में तर्क दे रहा था, तो कोई अपनी पसंद की मिठाई गिना रहा था।

अभी यह चर्चा चल ही रही थी कि चपरासी वापस आया और बोला, “आप लोग भी थोड़ा टेस्ट करेंगे क्या?”

बस फिर क्या था! सबने अपने-अपने तर्क और पसंद एक तरफ रखे और मावे की मिठाई पर ऐसे टूट पड़े, जैसे मिठाई नहीं, दीपावली का बोनस बँट रहा हो!

— प्रज्ञा पाण्डेय मनु

*प्रज्ञा पाण्डेय 'मनु'

वापी़, गुजरात

Leave a Reply