आत्मिक अन्वय
सुनो प्रियवर जरा मेरा अनुनय विनय,
दीप्त माथे पर तुम हुआ तुमसे प्रणय,
यह महावर ये लाली निशानी तेरी
रहूँ संग ही सदा हो न कुछ भी अनय।
पुष्प पारिजात भी सहे कितनी विरह,
क्षण भर का मिलन, फिर छुटे हर गिरह
अंक लग वो अवनि से बिलखती रही
विलग क्यों वो हुयी करे किससे जिरह।
हुआ मंत्र और हवन फिर पूर्ण परिणय,
स्थापित तुझसे सखे हुआ आत्मिक अन्वय
राघव माधव बन कर आये तुम प्रिये
संचित मेरी सुधि में हर क्षण हर समय।
तुम ही बनकर सूरज करना तम का क्षय,
तुम्हीं से ओ प्रियवर!बँधी जीवन लय,
चमकती रहे लाली माथे की मेरे,
रहे प्रेम का यह सफर सदा अक्षय।
— सविता सिंह मीरा
