कामना
सांझ ढले उसे किसी काम में मन नहीं लगता था । अक्सर वह बालकनी में आकर बैठ जाती । उसे यहां ऐसा लगता मानों माँ उसकी हर परेशानियों का हल आज भी बता देतीं हैं ।
माँ जी पैरों से लाचार हो गई थीं , लंबे समय इसी कुर्सी पर शाम के समय उसे यहीं ले आने को कहतीं ।
“बहू मुझे पता है मेरा शरीर भारी है पर दिल आज भी परिंदों के माफिक उड़ना चाहता है, शाम के समय अपने घोंसले की ओर लौटते पंछी मुझे घर-परिवार की महत्ता समझाते हैं , एकता का पाठ भी पढाते हैं ।”
“माँ जी मैं कभी आपको यहां लाने में देर नहीं करती हूँ, मुझे भी आपके साथ बैठना अच्छा लगता है, इसी बहाने प्रणय को ऑफिस से रोज घर आते देख दूर से ही उनके मन की थाह ले पाती हूँ ।”
“मन की थाह ! वो भला कैसे ?”
“प्रणय मेन गेट में दाखिल होने समय एक नज़र आपकी ओर देख मुस्कुरा देते हैं मैं समझ जाती हूँ आज उनका मूड अच्छा है और जिस दिन अनमने से सीधे घर आते हैं तो मैं सावधान हो जाती हूँ ।”
ऐसे ना जाने कितनी बातें उसे यहां बैठते ही याद आ जाती थी ।
आज अंदर का शोर इतना ज्यादा था कि वह सांझ का इंतजार किये बिना यहां आकर बैठ गई।
पीहू इसी शहर में अपना दूसरा आशियाना सजाना चाहती है । प्रतीक हमारी इकलौती संतान है, उससे दूर होने के ख्याल मात्र से ही दिल की धड़कन तेज हो जाती हैं। कैसे मैं उसके एवं बच्चों के बिना यहां रहूंगी ? इसी सवाल का जवाब ढूंढने वह बालकनी में आकर बैठ गई थी ।
तेज हवाएं चल रही थी, माँ जी की कुर्सी से सटा प्रतीक का गिटार हवा के झोंके से गिर गया, ऐसा लगा मानों माँ जी कह रही हों–
“बहू; छोटी सी नन्हीं चिड़िया भी बसना और असमय उजड़े चमन को पुनः सजाना सीख जाती हैं, फिर तुम समझदार होकर भी क्यों हताशा को स्वयं पर हावी होने दे रही हो ? प्रकृति से जमाने के प्रचलन से सीख क्यों नहीं लेती ?”
स्वयं से नहीं, नहीं अवचेतन मन में माँ जी से बातें कर वह एक ठोस निष्कर्ष पर पहुंच बहू को अपने पास बुला कहने लगी–
“पीहू हर स्त्री अपना घर स्वयं अपने हाथों सजाना- संवारना चाहती है, तुम मेरे प्रतीक के जीवन में संगीत बन कर आई हो, तेरे आने के बाद ही प्रतीक सुर-साधना भी करने लगा है । अपने शौक पूरे कर लो,तेरी प्यारी सी दुनिया में सुर-ताल का संगम होगा यही कामना है हमारी ।”
खुशी से चहकते हुए पीहू उससे लिपट गई ।
— आरती राय
