भली करेंगे राम
बुरे हुए तो क्या हुआ, करके अच्छे काम।
मन में फिर भी आस है, भली करेंगे राम।।
बीती बातें छोड़कर, चलें नेह की राह।
मन में दीपक सत्य का, होंठों पर हो चाह।
कर्म हमारे बोलते, कर्मों से हो नाम—
मन में फिर भी आस है, भली करेंगे राम।।
मन में मैल न पालिए, रखिए निर्मल भाव।
दुख में भी मत छोड़िए, मानवता का गाँव।
नेकी की हर राह पर, मिलता सुख अविराम—
बुरे हुए तो क्या हुआ, करके अच्छे काम।।
गलती से जो सीख ले, वही बड़ा इंसान।
गिरकर फिर जो उठ सके, उसका ऊँचा मान।
सच्चे मन से कर भला, मत रख कोई दाम—
मन में फिर भी आस है, भली करेंगे राम।।
छल-प्रपंच सब छोड़कर, सच का थामें हाथ।
दीन-दुखी के साथ हों, बनकर उनका साथ।
अच्छे कर्मों से सजे, जीवन का हर धाम—
बुरे हुए तो क्या हुआ, करके अच्छे काम।।
राम नाम का दीप जब, अंतर भरता नूर।
अँधियारा मन का तभी, पल में होता दूर।
सत्य, प्रेम, सद्भाव से, महके आठों याम—
मन में फिर भी आस है, भली करेंगे राम।।
— डॉ. प्रियंका सौरभ
