भीतर का दीपक
मिट्टी का एक दीप जलाकर,
तुम कैसा उजियार करोगे?
बाहर तो प्रकाश कर दिया,
मन का कब उद्धार करोगे?
दीपदान की यह परंपरा,
केवल एक विधान नहीं है,
यह तो है संदेश क्रांति का,
अंधों का सम्मान नहीं है,
जिस दिन इंसान के भीतर,
ज्ञान का अनुपम दीप जलेगा,
अंधविश्वास,अज्ञान का दानव,
तनिक न उस दिन और खलेगा,
ऊंच-नीच की ढहती दीवारें,
भेदभाव का तम छंट जाएगा,
मानव जब मानव को समझे,
हर पाखंड वहीं मिट जाएगा,
आओ,आज प्रतिज्ञा कर लें,
उस गौतम की राह चलेंगे,
करुणा,मैत्री,समता लेकर,
जीवन के हर मोड़ ढलेंगे,
स्वतंत्रता का मंत्र फूंककर,
नव-युग का निर्माण करेंगे,
तथागत के ज्ञान-पुंज से,
जन-जन का कल्याण करेंगे,
याद रहे,यह दीपदान तो
बस एक सुंदर सा जरिया है,
असली मकसद तो मानव की,
सोई चेतना जगाना है,
बाहर के सब दीये बुझेंगे,
कालचक्र की आंधी में,
भीतर जो जल गया दीया,
उसे युगों तक जगमगाना है।
— राजेन्द्र लाहिरी
