मुक्तक/दोहा

मांगूं सबकी खैर

जिनको अपना मानकर, खोला मन का द्वार।
वही पराए बन गए, करके गहरा वार॥

रिश्तों की इस भीड़ में, खोजा सच्चा प्यार।
स्वार्थ मिला हर मोड़ पर, छल मिला उपहार॥

अपनी खुशियाँ बाँटकर, जिनको बाँटा प्यार।
वक्त पड़ा तो छोड़कर, चले गए वे यार॥

दिल से जिनको चाहकर, अपना सब कुछ मान।
वही हमारी भावना, का न रख सके मान॥

विश्वासों की नींव पर, कर रिश्ते निर्माण।
इक झूठ ने ढहा दिया, वर्षों का अभिमान॥

अपनी रूह लुटा दिया, रखकर उन पर आस।
फिर भी उनके मन नहीं, हुआ हमारा वास॥

मीठे बोलों में छिपा, स्वार्थ बड़ा अनमोल।
चेहरे पढ़ना सीखिए, हर मन का न खोल॥

जिनके खातिर सह लिए, हमने लाखों घाव।
वही समझ न सके कभी, मन के भीतर भाव॥

अपना बनकर जो रहे, करते भीतर घात।
उनसे बढ़कर पीर क्या, उनसे बढ़ आघात॥

सीखा हमने हारकर, रिश्तों का व्यवहार।
हर मुस्कान में नहीं, होता प्यार दुलार॥

जिनको अपना मानकर, सौंप दिया संसार।
वही हमारे मौन का, कर बैठे व्यापार॥

मन की दौलत बाँट दी, समझ उन्हें धनवान।
लौट मिले बस दर्द ही, टूट गया अभिमान॥

किससे कितना बोलना, सीख लिया अब आज।
हर कोई अपना नहीं, ना हर है हमराज॥

कर्जदार उस सीख की, जो सिखलाए धीर।
हर पीड़ा के बाद ही, जागे नई समीर॥

न कोई शिकायत रही, अब न किसी से बैर।
जिनसे सीखा आज तक, मांगूं सबकी खैर॥

कर्जदार हूँ आज भी, उन सबके एहसान।
जिनके छल से है मिली, खुद को खुद पहचान॥

— डॉ. प्रियंका सौरभ

*डॉ. प्रियंका सौरभ

रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, कवयित्री, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार, (मो.) 7015375570 (वार्ता+वाट्स एप) facebook - https://www.facebook.com/PriyankaSaurabh20/ twitter- https://twitter.com/pari_saurabh

Leave a Reply