दीवाली की सफाई के साथ रिश्तों में लगे जालों की सफाई जरूरी
हमारे जीवन में त्योहारों का विशेष महत्व होता है। हर त्योहार के पीछे सामाजिक, आध्यात्मिक, पारिवारिक, प्राकृतिक और सैद्धांतिक अवधारणा है। मगर हर त्योहार साफ सफाई, आत्मीयता, भाईचारा और साहचर्य भाव का विशेष भाव छिपा होता है। हर त्योहार हमें पिछले त्योहार के मध्य मनभेद और आपसी संबंधों में आई कटुता, गलतफहमियां और आपसी मतभेदों को दूर करने का एक विशेष अवसर उपलब्ध कराता है। और किसी भी त्योहार की सार्थकता तभी है जब उसे मिलकर मनाया जाए, जिससे त्योहारों का भी ज्ञान, महत्व रेखांकित होगा। इसी तरह दीवाली का त्योहार यूँ तो घरों और आसपास की सफाई, परिवार के एकत्रीकरण का अवसर, दीपोत्सव के साथ लक्ष्मी गणेश के पूजन और एक दूसरे से मिलने जुलने, आशीर्वाद लेने देने का है। मगर जरुरत इस बात की भी है कि घरों के जालों की साफ सफाई के साथ रिश्तों और पारिवारिक सामाजिक संबंधों में लग चुके जालों की सफाई भी जरूरी है। कहावत है कि मतभेद होना गलत नहीं है, मगर मनभेद खतरनाक हो सकता है। संक्षेप में अपने और अपनों की खुशहाली के लिए रिश्तों के जाले छुड़ाने का अवसर इस दीवाली में हाथ से बिल्कुल न जाने दें, आप स्वयं महसूस करेंगे कि आपके त्योहार की खुशी स्वत: ही अपनी उपस्थिति और गरिमा का बोध कराने को उत्सुक दिखेगी। भगवान श्री चित्रगुप्त जी हर मानव प्राणी को इतनी सद्बुद्धि जरुर प्रदान करेंगे। ऐसा मेरा विश्वास है।जय श्री चित्रगुप्त जी भगवान की जय।
