दिन सलोने बचपन के
थे वो सुहाने दिन सलोने बचपन के,
चिंता मुक्त, हंसी-खुशी छुटपन के,
मौज-मस्ती संग थी सबकी एकता,
तब भूख प्यास का ना था अता-पता ।
प्यार के गलियारों में हमारी ही थी धूम,
नाचते,गाते, हंसते खिलखिलाते थे झूम,
नटखटपन चंचलता और थोड़ी शैतानी,
ढ़ेरों सवाल, जिज्ञासाएं और थोड़ी नादानी ।
दबाव न था कोई हम बहते थे अविरल,
कायम थी संग प्यारी मुस्कुराहट हर पल,
सबकी सुनते थे पर करते अपने मन की,
खुशियां थी वो कुछ अद्भुत पूरे जीवन की ।
लड़ते-झगड़ते, मारते-पीटते पर उफ़ न करते,
गिरते-उठते, कूदते-फांदते, आह भी न करते,
वो दोस्त, खेत-खलिहान, वो “आनंद” वो बातें,
खट्टी-मीठी वो यादें, वो दिलचस्प खुराफातें ।
बचपन था बहुत रंगीन वो जमाना था हसीन,
नहीं थे हम जीवन की समस्याओं के अधीन,
आज नहीं वो रौनक दिल का कोना गमगीन,
पर जिंदा रखो वो मीठी सौंधी खुशबू नमकीन ।
— मोनिका डागा “आनंद”
