जीने की दूसरी वजह
एक आसमान है,
वह तो मेरी मुट्ठी में है,
मगर गिरती है जो एक बूँद,
वह तो सँभलती नहीं।
हमने तो पूरी ज़िंदगी
तेरे बग़ैर गुज़ारने की क़सम खाई,
मगर तेरे साथ का वह एक लम्हा
आज तक मुझसे छूटा नहीं।
मैंने देखा—
मेरा सिर धड़ से अलग होकर
राह पर गिर रहा था।
सामने क़ातिल खड़ा था,
प्रेम का लिबास पहने।
गिरते हुए पत्तों ने समझाया—
बोझ बनते ही गिरना तय है,
चाहे वह शाख़ हो,
रिश्ता हो,
या फिर कोई सपना।
मैंने हवा से पूछा—
क्या हर बिछड़ना मृत्यु होता है?
हवा मुस्कुराई,
बोली—
“नहीं,
कुछ बिछड़नें
जीना सिखाने आती हैं।”
अब मैं अपनी ही राख से
एक नया सूरज गढ़ रहा हूँ।
आँसू अब भी गिरते हैं,
पर हर बूँद
ज़मीन में समाकर
एक बीज छोड़ जाती है।
— पारमिता षड़ंगी
