गीतिका/ग़ज़ल

चूड़ियाँ

हाथ में जब खनखनाती चूड़ियाँ।
गीत उल्फ़त के सुनाती चूड़ियाँ।

चूड़ियाँ सौभाग्य की पहचान हैं,
आंगनो में गुनगुनाती चूड़ियाँ।

सोलहों श्रृंगार की है रागिनी,
हाथ की रौनक़ बढ़ाती चूड़ियाँ।

सावनी बौछार जब आँगन पड़े,
प्रेम के नव गीत गाती चूड़ियाँ।

खेत सरसों के लगे जब फूलने,
रास करती रस उड़ाती चूड़ियाँ।

कह रही किस्से कहानी नित नए,
जिंदगी में रंग सजाती चूड़ियाँ।

दर्द ग़म जब घेर लेते यक ब यक,
ज़िन्दगी को आज़माती चूड़ियाँ।

लोरियां ममता की हैं पहचान ये,
नेह की मधु धुन सुनाती चूड़ियाँ।

इंद्रधनुषी रंग अरमानों भरे,
रूप का लावण्य लाती चूड़ियाँ।

दिल की धड़कन प्यार का अहसास ये,
प्यार साजन पर लुटाती चूड़ियाँ।

नयन काजल माथ पर बिंदिया लगा।
मृदुल मोहक भाव लाती चूड़ियाँ।

— मंजूषा श्रीवास्तव “मृदुल”

*मंजूषा श्रीवास्तव

शिक्षा : एम. ए (हिन्दी) बी .एड पति : श्री लवलेश कुमार श्रीवास्तव साहित्यिक उपलब्धि : उड़ान (साझा संग्रह), संदल सुगंध (साझा काव्य संग्रह ), गज़ल गंगा (साझा संग्रह ) रेवान्त (त्रैमासिक पत्रिका) नवभारत टाइम्स , स्वतंत्र भारत , नवजीवन इत्यादि समाचार पत्रों में रचनाओं प्रकाशित पता : 12/75 इंदिरा नगर , लखनऊ (यू. पी ) पिन कोड - 226016

Leave a Reply