भगवान् महावीर के माता- पिता की समाधि मृत्यु
मनुष्य ही क्यों ब्रह्मांड के हर प्राणी के जीवन का अटल और अंतिम सत्य मृत्यु है। फिर भी शायद ही कोई यह ब्रह्म सत्य याद रखता है। याद संभवतः तभी आता है जब यह सामने खड़ा नजर आने लगता है। मृत्यु का काल तो जन्म के साथ ही शुरू हो जाता है और समय आने पर माटी का पुतला, माटी में मिल जाता है।ऐसे साधक विरले ही होते हैं जो अनवरत इस सत्य को याद रख पाते हैं। धन्य वही है जिसने इस सत्य को याद रख, निर्भय होकर मरण का वरण किया और एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। भगवान् महावीर के मन में अचानक उदासी छा गईं, जैसे उज्ज्वल प्रकाश के बाद नीले नभ में अकस्मात् रात उतर जाती हैं। वे कारण की खोज में लग गए। वह पूर्वसूचना थी महाराजा सिद्धार्थ और देवी त्रिशला के देहत्याग की। कुमार के मन में अन्तः प्रेरणा जागी। वे तत्काल सिद्धार्थ के निसद्या – कक्ष में गए। वहां सिद्धार्थ और त्रिशला – दोनों विचार विमर्श कर रहे थे। कुमार ने देखा, वे किसी गंभीर विषय पर बात कर रहे हैं इसलिए उनके पैर द्वार पर ही रुक गए। जीवन की यात्रा तो अनवरत है। मृत्यु तो केवल एक पड़ाव है। जन्म से शुरू और मृत्यु पर समाप्त यह यात्रा तो तन की है न कि आत्मा की है। आत्मा तो कभी नहीं मरती। उसकी यात्रा तो आगे निरन्तर चलती ही रहती है। तथाकथित मृत्यु के बाद तो उसका शरीर बदलता है, जिसके साथ आत्मा अपनी आगे की यात्रा पर गतिमान रहती है, कर्मानुसार दूसरा शरीर धारण कर लेती है। तो किसी की मृत्यु पर दुःख किस बात का? आत्मा तो अजर-अमर है। नश्वर है तो शरीर है। हर तथाकथित मृत्यु पर
वह तो बदलता रहता है। इस तथ्य को तो वही जान पाया हैं जिसने इस तथ्य को यों आत्मसात् कर लिया है कि आत्मा की यात्रा तो अन्तहीन है, जब तक मोक्षलीन नहीं हो जाती। सिद्धार्थ ने कुमार को देखा और अपने पास बुला लिया। वे बोले, कुमार ! तुम ठीक समय पर आए हो। हमें तुम्हारे परामर्श की जरूरत थी। हम तुम्हें बताने वाले ही थे। कुमार ने प्रणाम कर कहा मैं आपकी कृपा के लिए आभारी हूं। आप आदेश दें, मैं आपकी क्या सेवा कर सकता हूं? कुमार तुम देख रहें हों, हमारी अवस्था परिपक्व हो गईं हैं। पता नहीं कब मृत्यु का आमंत्रण हमको आ जाए। वह हमें निमंत्रण दें, इससे पहले हम उसे निमंत्रण दें, क्या यह अच्छा नहीं होगा? श्रमण- परम्परा ने मृत्यु को आमंत्रित करने में सदा शौर्य का परिचय दिया हैं। भगवान् पार्श्व ने मृत्यु की तैयारी करने का पाठ पढ़ाया हैं। हम अनुभव करते हैं कि उस पाठ को क्रियान्वित करने का उचित अवसर हमारे सामने उपस्थित हैं। कुमार का मन इस आकस्मिक चर्चा से द्रवित हो गया। जो व्यक्ति इस ध्रुव सत्य यानि जन्म के साथ मृत्यु अवश्यंभावी है को सदा स्मरण रखता है, वही जीवन की वास्तविकता का वरण कर सकता है। वह तब समझ लेता है कि मृत्यु तो एक अटल सत्य है। एक न एक दिन अवश्यम्भावी घटित होने वाला तथ्य हैं। मृत्यु का भान तब जीवन की क्षणभंगुरता को समझने का ज्ञान बन जाता है। माता- पिता का वियोग उनके लिए असह्य था। वे बोले, पिताश्री ! इस प्रकार की बात सुनना मुझे पसंद नहीं हैं। कुमार ! यह पसंद और नापसंद का प्रश्न नहीं हैं। यह प्रश्न है यथार्थ का। जो होना हैं, वह होगा ही। उसको रोका नहीं जा सकता हैं। फिर उसे नकारने का अर्थ क्या होगा? पिताश्री ! इस सत्य को मैं जानता हूं। पर सत्य का सूर्य क्या मोह के बादलों से आच्छन्न नहीं होता हैं। मैं आपकी मृत्यु का नाम भी सुनना नहीं चाहता। फिर मैं उसकी तैयारी का आपको परामर्श कैसे दे सकता हूं? कुमार ! तुम तत्वदर्शी हों, सत्य के गवेषक हों, अभय हों, सब कुछ हो। पर पितृस्नेह और मातृस्नेह से मुक्त नहीं हों। क्या इस दुर्बलता से ऊपर नहीं उठना हैं? पिताश्री! मैं आप और मां के स्नेह से अभिभूत हूं। इसे आप दुर्बलता समझें या कुछ भी समझें। मृत्यु का नाम लेते ही एक गहरी सिहरन सी होती है क्योंकि वह जीवन का अन्त ही समझी जाती हैं। वास्तव में यह जीवयोनि के काया परिवर्तन का द्वार है। हम शरीर से अपनत्व का भान करते हैं, इसलिए मृत्यु को इस जन्म का अंत समझते हैं। हम भूल जाते हैं कि आत्मा कभी मरती नहीं, कभी नष्ट भी होती नहीं। वह केवल शरीर बदलती है। अतः शरीर की मृत्यु हमें स्मरण कराती है कि जो स्थायी नहीं उससे लगाव समझदारी नहीं हैं। वास्तव में मृत्यु एक विवेक जागती है कि जो अजर-अमर है उसे जानो। आत्मा को पहचानो। मृत्यु से कभी विचलित ना होओ। सिद्धार्थ ने वार्ता को मोड देते हुए कहा, क्या तुम नहीं चाहतें कि हमारी समाधि मृत्यु हों? यह कैसे हो सकता हैं? क्या इसके लिए हमें शरीर और मन को पूर्णरूपेण तैयार नहीं करना चाहिए? कुमार ने साहस बटोरकर कहा, अवश्य करना चाहिए। इस तैयारी में तुम सहयोगी बनोगे? आपकी प्रबल इच्छा हैं, वह कार्य मुझे करना ही होगा। सिद्धार्थ ने नंदीवर्धन और सुपार्श्व से परामर्श किया और वे समाधि- मृत्यु की तैयारी में लग गए। भोजन की मात्रा कम कर दी। हम जरा विवेक जगा कर चिन्तन पर गौर करें तो हमको समझ में आ जाएगा कि यह काया तो नश्वर है तो फिर इसके रहने का क्या मोह और खो जाने का क्या डर है। जबकि मृत्यु के स्मरण से तो भय नहीं बल्कि विवेक की जागृति होनी चाहिए कि मृत्यु को तो निश्चित आना ही आना है, तो बुद्धिमानी इसी में है कि जीवन के हर क्षण को अविस्मरणीय बनाना है। इस क्षणभंगुर जीवन में किसी भी बात का हमको अहंकार नहीं करना है। वह सदा कृतज्ञता भाव रखते हुए इस भव को पार करना है। अल्पाहार और उपवास के द्वारा उन्होंने शरीर को साध लिया। अनासक्ति, वैराग्य और आत्मदर्शन के द्वारा उनका मन समाहित हो गया। उन्होंने मृत्यु का इतने शांतभाव से वरण किया कि मृत्यु को स्वयं पता नहीं चला कि वह कब आ गईं।माता- पिता वर्धमान से बहुत प्रेम करते थे। माता – पिता के प्रति उनके मन में बहुत प्रेम था। अट्टाईस वर्ष तक वे निरन्तर माता- पिता की छत्रछाया में रहें। अब कुमार के मन में बार- बार यह प्रश्न उभरने लगा – क्या वह छाया सचमुच बादल की छाया थी। माता- पिता के स्वर्गवास से कुमार का स्नेहिल मानस व्यथित हो उठा। जीवन की नश्वरता का सिद्धान्त व्यवहार में उतर आया। संयोग का अन्त वियोग में होता हैं – यह आंखों के सामने नाचने लगा। वे स्नेह के उस चरम बिन्दु पर पहुंच गए जहां अनुराग विराग के सिंहासन पर विराजमान होता हैं। जन्म के साथ ही मृत्यु का आलेख लिखा हुआ होता है। यह कर्मों का विधान है। इसमें कोई परिवर्तन का प्रावधान नहीं है। तब फिर मृत्यु से भय क्यों? मृत्यु से डरना जीवन को डर-डर कर अधूरा जीना है। हर सांस हमें याद दिलाती है कि जाने का समय तय है। फिर वह कभी ही आए क्या भय है। बल्कि हमको यह समझना चाहिए कि जीवन का हर क्षण पवित्र है। उसे उसी तरह से जीना है। वह जो मृत्यु को मित्रवत स्वीकार करता है, उसके भीतर से हर भय समाप्त हो जाता है। वह हर पल आनन्द से जीता है, हर क्षण को पूजा बना लेता है। काश! हर कोई ऐसा कर पाए तो जीवन आनन्दमय हो जाए।
— प्रदीप छाजेड़
