मुक्तक/दोहा

मन में पाले रोग

सत्य छोड़कर जो चले, कैसे पावें मान।
वेश बदलने से कभी, बदले ना इंसान॥

जागो, अब संसार के, टूट रहे विश्वास।
आज मुखौटों दौर में, सत्य हुआ वनवास॥

कर्मों से पहचानिए, ऊँचे-नीचे लोग।
वाणी में अमृत भरा, मन में पाले रोग॥

धर्म नहीं आडंबरों, धर्म हृदय का भाव।
सेवा, सच्चाई जहाँ, खिलता वहाँ स्वभाव॥

जागो अपनी चेतना, पहचानो परिवेश।
सत्य बचाने के लिए, बदलो अपना वेश॥

मंदिर-मस्जिद घूमकर, मन में रखकर द्वेष।
कैसे पाएँ शांति हम, कैसा अपना देश॥

चेहरे पर मुस्कान है, भीतर छल का जाल।
ऐसे झूठे संत से, रहना सदा सँभाल॥

ज्ञान बाँटने से बढ़े, घटता नहीं विचार।
अहंकार की धूल से, धुँधला होता सार॥

भीड़ देखकर मत चलो, अपना रखो विवेक।
सच के पथ पर जो चले, उसका साथी एक॥

जागो अब इंसान तुम, छोड़ो झूठी शान।
समय नहीं फिर लौटता, समझो इसका मान॥

— डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’

*डॉ. प्रियंका सौरभ

रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, कवयित्री, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार, (मो.) 7015375570 (वार्ता+वाट्स एप) facebook - https://www.facebook.com/PriyankaSaurabh20/ twitter- https://twitter.com/pari_saurabh

Leave a Reply