।। बोलबाला।।
आया कैसा यह समय निराला
हर तरफ़ बस झूठ का बोलबाला।।
देखो जरा सम्भल कर सच बोलना
यूं बेवजह ही मुंह मत खोलना
जल्दी कोई विश्वास न करेगा
उल्टे तुम्हारा उपहास ही बनेगा।
करेंगे लोग चुप रहने का इशारा
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।।
असत्य के मिलेंगे बहुतेरे हिमायती
राह चलते जुड़ जाएंगे संगी- साथी
चलेंगे वो कंधे से कंधा मिलाकर
लहरा के झूठ की पताका इतराकर
कौन मिलेगा तेरी व्यथा सुनने वाला
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।।
आधुनिक तकनीक के खेल निराले
सहज फंस जाते हमारे भोले-भाले
सोशल मीडिया में फैलाते अफवाह
इन्हें न कानून की रत्ती भर परवाह।
समझ न आए कैसा गड़बड़-झाला
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।।
माया के फेर में ऐसे फंस गये सब
पता ही न चला कब बदल गये हम
अभी भी निर्णय ले सकने में अक्षम
मैं-मैं का जाप करते रहते हरदम ।
कैसे मिलेगा फिर कोई तारणहारा
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।।
फल-फूल रहा झूठ का कारोबार
और छलांगें मार रहा है भ्रष्टाचार
सच कहीं कोने में है दुबका पड़ा
है बेबस अकेले में सहमा सा खड़ा।
दिखे न कोई उसका नाम लेने वाला
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।
दुरूह है सच के साथ खड़े हो पाना
बेबाकी से अपनी बात कहते जाना
बदल जाएगा आपके प्रति व्यवहार
शुरू हो जाएगी आरोपों की बौछार
न मिलेगा कोई साथ निभाने वाले
हर तरफ बस झूठ का बोलबाला।।
लेकिन अनुभव ने यही सिखाया
अन्ततः झूठ को हारता हुआ पाया
क्षणिक भले ही कोई जश्न मना ले
अपनी कामयाबी पर इतरा ले ।
एक दिन जरूर होगा मुंह काला
सदा न रहेगा झूठ का बोलबाला।।
एक दिन जरूर होगा मुंह काला
सदा न रहेगा झूठ का बोलबाला।।
— नवल अग्रवाल
