राजनीति

एक बार विधायक, उम्रभर ऐश!

एक कर्मचारी 60 साल काम करने के बाद भी पेंशन के लिए तरसता है, जबकि एक नेता 5 साल सत्ता में रहकर जीवनभर पेंशन पाता है। यह लोकतांत्रिक समानता के मूल्यों का मज़ाक है। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में इस अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाई गई है। अब वक्त है कि आम नागरिक, कर्मचारी और युवा इस मांग को साझा करें — या तो सभी को बराबरी से पेंशन मिले, या नेताओं की यह सुविधा खत्म हो।

“एक आदमी 60 साल काम करके भी पेंशन के लिए भटकता है, और एक नेता 5 साल की कुर्सी पकड़कर उम्रभर ऐश करता है!” क्या यह वही लोकतंत्र है, जिसे हमने ‘जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा’ माना था? क्या संविधान ने यही समानता का वादा किया था?

सरदार सिंह जोहल जैसे नागरिकों की याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट तक इसलिए पहुंचती हैं क्योंकि अब सब्र की हदें पार हो चुकी हैं। जो कर्मचारी ताउम्र फाइलें उठाता रहा, खेत में पसीना बहाता रहा, स्कूल में बच्चों को गढ़ता रहा, अस्पताल में जिंदगी बचाता रहा — उसके लिए पेंशन आज भी एक सुविधा नहीं, संग्राम है। वहीं एक जनप्रतिनिधि, जिसे जनता ने 5 साल के लिए चुनकर भेजा, भले ही वो एक दिन भी सदन में न गया हो, उसे आजीवन पेंशन मिलती है — और सिर्फ एक बार विधायक या सांसद बनने के आधार पर!

काम नहीं, कुर्सी ही काफी है!
भारत में कई राजनेता ऐसे हैं जो एक बार विधायक या सांसद बने, और फिर कोई चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन उनकी जेब में अब जीवन भर के लिए सरकारी खजाने से पैसा जाता रहेगा — क्योंकि ‘वो कभी विधायक थे’! सोचिए, अगर किसी क्लर्क को सिर्फ एक साल नौकरी करके पेंशन मिलने लगे तो वित्त मंत्रालय थर-थर कांप उठेगा! लेकिन जब बात नेताओं की हो, तो तर्क, नैतिकता और समानता सब किनारे हो जाते हैं।

2018 सुधार अधिनियम का खोखलापन
2018 में एक सुधार अधिनियम लाया गया था, जिसमें कोशिश की गई कि जनप्रतिनिधियों की पेंशन व्यवस्था को तर्कसंगत बनाया जाए। लेकिन ज़मीनी स्तर पर न तो इसके नियम लागू हुए, न ही नेताओं की कोई जवाबदेही तय हुई। नेताओं की पेंशन न नौकरी पर आधारित है, न योगदान पर। कोई रिव्यू नहीं, कोई मूल्यांकन नहीं। बस एक बार शपथ ले लो, उम्र भर सुख।

सवाल यह नहीं कि उन्हें क्यों मिलती है, सवाल यह है कि हमें क्यों नहीं?
सवाल यह नहीं कि नेताओं को पेंशन क्यों मिलती है। सवाल यह है कि आम नागरिक जो जीवन भर सेवा करता है, उसे यह क्यों नहीं मिलती? हजारों संविदा कर्मचारी, गेस्ट टीचर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अनुबंध पर काम करने वाले डॉक्टर-नर्स, सफाईकर्मी — क्या इनकी मेहनत नेता से कम है?
आज भी लाखों सरकारी कर्मचारी रिटायर होने के बाद NPS (New Pension Scheme) के तहत अपने ही पैसों की EMI काटकर पेंशन पाने की आस लगाए बैठे हैं। और उधर नेताजी, जिनके पास पहले से ही तमाम भत्ते, गाड़ियाँ, बंगले और सुरक्षा है, वो पेंशन का लड्डू भी चबा रहे हैं।

लोकतंत्र की मखौल उड़ाती पेंशन व्यवस्था
इस देश में अगर कोई प्रणाली सबसे ज्यादा असमान और तानाशाही के पास है, तो वो नेताओं की पेंशन है। खुद को जनसेवक कहने वाले ये लोग, सेवा कम और सत्ता ज्यादा भोगते हैं। और जब सेवा खत्म होती है, तब भी सत्ता की सुविधाएं जारी रहती हैं — पेंशन के रूप में।
जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप रहने वाले कई नेता सिर्फ इस पेंशन के भरोसे राजनीति में बने रहते हैं। विचारधारा कोई भी हो — पेंशन सबकी एक जैसी चलती है। यहाँ कोई आरक्षण नहीं, कोई कटौती नहीं, कोई ग्रेड पे नहीं। सब एक समान — क्योंकि वो नेता हैं! क्या यही समानता का राज है?

नेताओं की पेंशन समाप्त करो — नहीं तो कर्मचारियों को भी बराबरी दो!
अगर एक नेता 5 साल की सेवा के बाद पेंशन का अधिकारी हो सकता है, तो क्यों न एक अध्यापक को भी 5 साल की सेवा पर वही सुविधा दी जाए? क्यों नहीं एक किसान को, जिसने हर साल अन्न उगाया, उम्र भर के लिए न्यूनतम पेंशन मिले?
या फिर एक सख्त और निष्पक्ष निर्णय लिया जाए — कि जब तक आम कर्मचारी को स्थायी नौकरी और पेंशन की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक किसी नेता को भी यह सुविधा नहीं मिलेगी।

सुप्रीम कोर्ट का हस्तक्षेप: उम्मीद की किरण
सरदार सिंह जोहल की याचिका में यह मांग की गई है कि नेताओं की पेंशन को समाप्त किया जाए या कम से कम उसमें भी कर्मचारी की तरह ही नियम लागू किए जाएं। सुप्रीम कोर्ट को इस पर त्वरित और ऐतिहासिक फैसला देना चाहिए।
यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, यह सामाजिक न्याय का सवाल है। यह भारत के संविधान में लिखी गई समानता की भावना का अपमान है कि एक वर्ग विशेष को सिर्फ पद के नाम पर लाभ दिया जाए, और बाकी लोगों को जीवन भर संघर्ष करना पड़े।

जनता की भूमिका: अब चुप मत रहो
यदि हम चुप रहेंगे तो ये असमानता कभी नहीं खत्म होगी। इस संदेश को, इस भावना को और इस आवाज़ को हमें हर गली, मोहल्ले, पंचायत, और विश्वविद्यालय तक पहुँचाना होगा। आज जो कर्मचारी है, कल वो ही मतदाता है — और जब तक वोट की ताक़त से बदलाव नहीं होगा, तब तक पेंशन जैसी सुविधा सिर्फ नेता की जेब में ही रहेगी।
हर कर्मचारी संगठन, हर युवा मंच, हर शिक्षक संघ, हर डॉक्टर संगठन को यह मांग अब ज़ोर से उठानी चाहिए — “या तो सबको पेंशन, या किसी को नहीं!”

— डॉ सत्यवान सौरभ

*डॉ. सत्यवान सौरभ

✍ सत्यवान सौरभ, जन्म वर्ष- 1989 सम्प्रति: वेटरनरी इंस्पेक्टर, हरियाणा सरकार ईमेल: satywanverma333@gmail.com सम्पर्क: परी वाटिका, कौशल्या भवन , बड़वा (सिवानी) भिवानी, हरियाणा – 127045 मोबाइल :9466526148,01255281381 *अंग्रेजी एवं हिंदी दोनों भाषाओँ में समान्तर लेखन....जन्म वर्ष- 1989 प्रकाशित पुस्तकें: यादें 2005 काव्य संग्रह ( मात्र 16 साल की उम्र में कक्षा 11th में पढ़ते हुए लिखा ), तितली है खामोश दोहा संग्रह प्रकाशनाधीन प्रकाशन- देश-विदेश की एक हज़ार से ज्यादा पत्र-पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशन ! प्रसारण: आकाशवाणी हिसार, रोहतक एवं कुरुक्षेत्र से , दूरदर्शन हिसार, चंडीगढ़ एवं जनता टीवी हरियाणा से समय-समय पर संपादन: प्रयास पाक्षिक सम्मान/ अवार्ड: 1 सर्वश्रेष्ठ निबंध लेखन पुरस्कार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी 2004 2 हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड काव्य प्रतियोगिता प्रोत्साहन पुरस्कार 2005 3 अखिल भारतीय प्रजापति सभा पुरस्कार नागौर राजस्थान 2006 4 प्रेरणा पुरस्कार हिसार हरियाणा 2006 5 साहित्य साधक इलाहाबाद उत्तर प्रदेश 2007 6 राष्ट्र भाषा रत्न कप्तानगंज उत्तरप्रदेश 2008 7 अखिल भारतीय साहित्य परिषद पुरस्कार भिवानी हरियाणा 2015 8 आईपीएस मनुमुक्त मानव पुरस्कार 2019 9 इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ रिसर्च एंड रिव्यु में शोध आलेख प्रकाशित, डॉ कुसुम जैन ने सौरभ के लिखे ग्राम्य संस्कृति के आलेखों को बनाया आधार 2020 10 पिछले 20 सालों से सामाजिक कार्यों और जागरूकता से जुडी कई संस्थाओं और संगठनों में अलग-अलग पदों पर सेवा रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, दिल्ली यूनिवर्सिटी, कवि,स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार, (मो.) 9466526148 (वार्ता) (मो.) 7015375570 (वार्ता+वाट्स एप) 333,Pari Vatika, Kaushalya Bhawan, Barwa, Hisar-Bhiwani (Haryana)-127045 Contact- 9466526148, 01255281381 facebook - https://www.facebook.com/saty.verma333 twitter- https://twitter.com/SatyawanSaurabh