कविता

हमारी तीर्थयात्रा

वरिष्ठ नागरिक संगठन पलावा के
तत्वावधान में यह शुभ दिन आया
आई आर सी टी सी के सौजन्य से
२८ सदस्यों ने यात्रा का लाभ उठाया।

भारत गौरव दर्शन विशेष ट्रेन द्वारा
७ मार्च को कल्याण से किया प्रस्थान
१८ मार्च को सब वापस पहुंचे पलावा
यात्रा में नही आया कोई व्यवधान ।

१२ दिवसीय इस पुण्य तीर्थ यात्रा में
केवल ३ दिन हम रहे होटल में
शेष ९ रातें रेल में ही गुजारी हमने
मचाया धमाल, खुशी लूटी हर पल में।

रेल में ही सारा सामान छोड़ छाड़़कर
निश्चिंत हो यात्रा का आनंद मनाया
सारे सामान की जिम्मेदारी का ठेका
सहर्ष रेलवे ने अपने कंधों पर उठाया।

नाश्ते और दिन-रात्रि के भोजन की
उत्तम व्यवस्था की आईआरसीटीसी ने
साफ़ -सफाई भी थी संतोषजनक
यात्रा का ख़ूब लुत्फ उठाया हम सबने

सबसे पहले पहुंचे श्री जगन्नाथ पुरी
भव्य दर्शन कर हम सब हुए अभिभूत
धर्म ध्वजा परिवर्तन का दृश्य निहारा
ले खिचड़ी प्रसाद, किया होटल कूच।

विश्व प्रसिद्ध कोणार्क मंदिर दर्शन कर
अपनी विरासत पर हुए गौरवान्वित
और किया लिंगराज मंदिर का दर्शन
तृप्त हुआ मन और हुए प्रफुल्लित ।

दिन भर की थकाऊ यात्रा के बाद
पहुंचे मिलन स्थली श्री गंगासागर
परिवार संग आस्था की लगाई डुबकी
पवित्र अनुभूति से भरी मन की गागर

गंगा सागर तट पर किया पूजन-अर्चन
दान-दक्षिणा देकर पुण्य कमाया
पूर्वजों के नाम का करके उच्चारण
श्रद्धा से उनके लिए सिर झुकाया ।

होटल में रात्रि विश्राम करने के बाद
कलकत्ता के लिए किया प्रस्थान
लेकर काली माता का आशीर्वाद
भूले सब कष्ट भक्ति में किया स्नान ।

अगले दिन हम सब पहुंच गये
ज्योतिर्लिंग श्री बाबा बैद्यनाथ धाम
भारी-भरकम भीड़ के बावजूद
शिव जी को कराया जल से स्नान।

शक्ति पीठ भी वहां पर विराजमान हैं
दर्शन कर उनका हो गये धन्य
शिव और शक्ति का गठबंधन देखा
पाया प्रसाद, कटे सब भव बन्धन।

फिर मुक्तिधाम गया को किया प्रस्थान
और पितृों के लिए किया पिण्ड दान
प्रभु श्री विष्णु पाद जी के किये दर्शन
आत्मिक शांति का कैसे करूं बयान।

श्री काशी विश्वनाथ जी जाने का भी
सुअवसर हम सबको प्राप्त हुआ
बनारस के अति प्राचीन घाट देखे
जीवन की सच्चाई का एहसास हुआ।

यात्रा के अंतिम चरण में हम सबने
श्री राम जन्मभूमि जी का दर्शन किया
देखकर भव्यता प्रभु श्री राम जी की
खुद को अति भाग्यवान महसूस किया

प्रभु जी की कृपा से सब सम्पन्न हुआ
गणपति बप्पा का बहुत धन्यवाद
मां शारदे ने हमें लिखने की शक्ति दी
मां जगदम्बा को मेरा शत-शत प्रणाम

— नवल अग्रवाल
२१ मार्च २०२६

‌‌

*नवल किशोर अग्रवाल

इलाहाबाद बैंक से अवकाश प्राप्त पलावा, मुम्बई