गीत
हर समस्या का यहाँ, होता सदा निदान।
धैर्य, भरोसा साथ हो, तो मिले समाधान॥
दुख की बातें हर जगह, मत करना ऐलान,
दे वही तमाशा बना, करते फिर अपमान।
छिड़के घावों पर नमक, ऐसे वो इंसान—
धैर्य, भरोसा साथ हो, तो मिले समाधान॥
जिनको तुम हर मोड़ पर, कहते अपने खास,
वही बढ़ाए पीर को, देकर झूठी आस।
मत खोलो हर सामने, मन के सब तूफान—
धैर्य, भरोसा साथ हो, तो मिले समाधान॥
आज अगर कठिनाइयाँ, कल बदले हालात,
अंधियारी हर रात के, पीछे छिपा प्रभात।
ईश्वर पर विश्वास रख, कट जाए संताप—
धैर्य, भरोसा साथ हो, तो मिले समाधान॥
सच्चे अपने साथ दें, बनकर शीतल छाँव,
बाकी केवल देखना, चाहें गिरते पाँव।
सौरभ कहे समय सदा, भर देता नुकसान—
धैर्य, भरोसा साथ हो, मिल जाता समाधान॥
— डॉ. सत्यवान सौरभ
