लघुकथा

अलमारी

हर साल दिवाली की सफाई के दौरान इस बार भी प्रियंका बड़बड़ाते हुए बोली, “कर दो इस अलमारी को खाली। अब क्या काम आती हैं ये किताबें? बेवजह जगह रोक रखी है।”
सत्यम ने किताबों से भरी अलमारी की ओर देखा। फिर एक किताब निकाली और उसके पन्ने पलटने लगा। कुछ ही देर में वह उन पन्नों में खो गया।
उसे पता था कि अब वह इन किताबों को शायद कभी पढ़ नहीं पाएगा। नौकरी थी, साथ में बच्चा और घर की जिम्मेदारियाँ। समय जैसे कहीं खो गया था। लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की उम्र भी निकल चुकी थी।
लेकिन अलमारी की किताबों में यादें ज्यादा थीं। वे सपने थे, जिन्हें सत्यम ने कभी देखा था। कभी उनके लिए मेहनत की थी, मगर जिम्मेदारियों में दबकर न जाने कब उन्हें पीछे छोड़ता चला गया।
आज भी वह उन सपनों से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाया था। अलमारी खाली नहीं कर पा रहा था। उसे लगता था कि अलमारी खाली करना अपने दिल से भी बहुत कुछ निकाल देने जैसा होगा।
अलमारी खोलते ही एकदम से जुनून जाग उठता था। पुरानी तैयारी, पुराने नोट्स, किताबों के बीच रखे प्रवेश-पत्र और अधूरे सपने—सब एक साथ सामने आ जाते। वह सब याद करने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता।
कभी-कभी उसे महसूस होता कि अपने सपनों के लिए न जीना, अपनी क्षमता से कम जीना होता है। बहुत कुछ किया जा सकता था, लेकिन घर की जिम्मेदारियों ने उसे इस तरह जकड़ रखा था कि वह कभी आगे बढ़ ही नहीं पाया।
अन्य बहुत-सी बातें भी थीं। सत्यम को पता था कि प्रियंका हर बार अलमारी खाली करने को कहती है, लेकिन वह भी उसे पूरी तरह खाली नहीं करवा पाती।
क्योंकि वह जानती थी कि जब किसी प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम आता है, तो यह अलमारी सत्यम के सुकून का जरिया बन जाती है। वह चुपचाप किताबों को देखता, कुछ पन्ने पलटता और फिर अपने भीतर कहीं खो जाता।
सब छोड़कर चले जाएँ, शायद सपने भी साथ छोड़ दें, लेकिन यह अलमारी हमेशा उसके साथ रहेगी। प्रियंका ने उस दिन अलमारी बंद कर दी। इस बार सफाई में कुछ किताबें नहीं, कुछ सपने बचा लिए गए थे।

— डॉ. प्रियंका सौरभ

*डॉ. प्रियंका सौरभ

रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, कवयित्री, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार, (मो.) 7015375570 (वार्ता+वाट्स एप) facebook - https://www.facebook.com/PriyankaSaurabh20/ twitter- https://twitter.com/pari_saurabh

Leave a Reply