अधूरे सपनों के दोहे
बंद किताबों में हुये, बीते हुए विचार।
अलमारी के बीच में, पले आज संसार॥
धूल जमी पन्नों तले, सपनों की तस्वीर।
बीते कल की याद में, भीग गई तकदीर॥
जिन पन्नों पर लिख दिए, सपनों के संवाद।
आज वही पन्ने करें, मन से मंज़िल याद॥
कभी रात भर जागकर, पढ़ता जो इंसान।
आज समय के सामने, हारा उसका ध्यान॥
उम्र निकलती जा रही, छूटे कई मुकाम।
खुद से ही करते रहे, सपनों का संग्राम॥
घर की खातिर छोड़ दी, अपनी मन की राह।
दिल के कोने है बसी, बची रही है चाह॥
जिम्मेदारी जीतती, सपनों को हर बार।
मन के भीतर रह गया, अनकह सा प्रतिकार॥
आज अधूरे ख्वाब का, कैसा यह संसार।
चेहरे पर मुस्कान है, मन में है इंतजार॥
कितने पन्ने बोलते, कितनी बीती बात।
कितने सपने सो गए, लेकर अपनी रात॥
बचे परीक्षा पत्र में, दर्ज पुराने साल।
अब भी मन में जागती, खोए कल की चाल॥
अलमारी खाली हुई, खाली हुआ न राज।
यादों का संसार है, इसमें बसता आज॥
किताब को मत तौलना, केवल उनके भार।
इनमें छिपे हुए मिलें, जीवन के आधार॥
कुछ सपनों का उम्र अब, कर बैठी है खून।
फिर भी उनकी याद से, मन को मिले सुकून॥
जो मंजिल ना जा सके, मगर सच्चा प्रयास।
उनके पीछे ही छिपा, मेहनत का इतिहास॥
पत्नी मन की बात को, समझ गई उस बार।
छुपे किताबों देखती, सपनों का संसार॥
बच्चों की मुस्कान में, ढूँढ़े नया जहान।
फिर भी मन कोने बसे, जीवित है अरमान॥
सब पाना संभव नहीं, कहता है संसार।
कुछ खोकर भी आदमी, रखता है अधिकार॥
लिये किताबें से पूछता, गये दिनों का हाल।
कहाँ गया वह जोश अब, कहाँ गए वे साल॥
सपने चाहे रह गए, भर आँखों में आस।
उनके कारण ही बना, जीवन का इतिहास॥
अलमारी में रख दिए, यादों के उपहार।
वही किताबें बन गईं, सपनों की मीनार॥
— डॉ. सत्यवान सौरभ
