धरती आबा – बिरसा मुंडा, क्रांति के महानायक
जंगल की धरा में जन्मा, वीर सपूत निराला था,
अन्यायों से टकराता, वो साहस की ज्वाला था।
आदिवासी अस्मिता हेतु, संघर्ष बिगुल बजाया,
शोषण-अत्याचारों विरुद्ध, स्वाभिमान जगाया।
न धन लोभ-न सत्ता चाह, अपनी माटी से प्यार,
जल, जंगल-जमीन के लिए, संघर्ष ही हथियार।
अंग्रेजी हुकूमत थर्राती, गूंजती “बिरसा” हुंकार,
‘उलगुलान’ नारा देकर, बदला संघर्ष का संसार।
पच्चीस वर्ष की आयु में, इतिहास अमर कर गए,
जनजातीय गौरव प्रतीक बन, अभिमान बन गए।
आज गूंज रहीं उनकी गाथा,वनवासी अरमानों में,
धरती आबा अमर रहेंगे, भारत के वीर जवानों में।
— संजय एम तराणेकर
