बाल कविता

छूमन्तर मैं कहूँ…

 

छूमन्तर मैं कहूँ और फिर,

जो चाहूँ बन जाऊँ।

काश, कभी पाशा अंकल सा,

जादू मैं कर पाऊँ।

 

हाथी को मैं कर दूँ गायब,

चींटी उसे बनाऊँ।

मछली में दो पंख लगाकर,

नभ में उसे उड़ाऊँ।

 

और कभी खुद चिड़िया बनकर,

फुदक-फुदक उड़ जाऊँ।

रंग-बिरंगी तितली बनकर,

फूली नहीं समाऊँ।

 

प्यारी कोयल बनकर कुहुकूँ,

गीत मधुर मैं गाऊँ।

बन जाऊँ मैं मोर और फिर,

नाँचूँ, मेघ बुलाऊँ।

 

चाँद सितारों के संग खेलूँ,

घर पर उन्हें बुलाऊँ।

सूरज दादा के पग छूकर,

धन्य-धन्य हो जाऊँ।

 

अपने घर को, गली नगर को,

कचरा-मुक्त बनाऊँ।

पर्यावरण शुद्ध करने को,

अनगिन वृक्ष लगाऊँ।

 

गंगा की अविरल धारा को,

पल में स्वच्छ बनाऊँ।

हरी-भरी धरती हो जाए,

चुटकी अगर बजाऊँ।

 

पर जादू तो केवल धोखा,

कैसे सच कर पाऊँ।

अपने मन की व्यथा-कथा को,

कैसे किसे सुनाऊँ।

***

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com