लेखस्वास्थ्य

करे कोई, भरे कोई….(मन की उछल-कूद)

ये दिन आलस्य और प्रमाद से भरे हैं। इस समय आवश्यक है कि हम अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। इस समय अनियामितता व असंयम हमारे शरीर को हानि पहुँचा सकता है। पूरी सम्भावना है कि इस समय हमारी ज़रा सी लापरवाही हमारे शरीर को रोगग्रस्त कर दे। विशेषत: जिन लोगों को शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा जैसे रोग हैं उन्हें विशेष सावधानी रखने की आवश्यकता है। इस समय अपने मन को नियंत्रित करने की भी आवश्यकता है क्योंकि ये जो कुछ भी करवाता है उसका खामियाजा शरीर को भोगना पड़ता है। जिससे कई बार शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और ‘करे कोई, भरे कोई’ वाली स्थिति हो जाती है।

यदि मन की सुनेगे तो बड़ा मुश्किल होगा और नहीं सुनेंगे तो तृप्ति नहीं होगी। मन की सुनें लेकिन उस पर बुद्धि का अंकुश अवश्य रखें। गाड़ी का स्टेरिंग जब चालक के हाथ में होता है तो वह गाड़ी की स्पीड, ब्रेक आदि का सही प्रकार से प्रयोग कर अपने गंतव्य तक पहुँचता है। ऐसे ही हमारा शरीर है।

हमारे मन की उछल-कूद का परिणाम हमारे शरीर को भुगतना पड़ता है असंयम, कुरुचिपूर्ण आहार-विहार अपनाने के लिए शरीर नहीं बल्कि हमारा मन ही उछल-कूद मचाता है और मन की आज्ञा मानने के कारण उसकी सजा बेचारे शरीर को भोगनी पड़ती है।

ये जो मन है ना ये अपनी ही मनमानी में लगा रहता है, जैसे छोटे बच्चे आचरण करते हैं बिलकुल वैसे ही इसलिए इसको अनुशासित करने की आवश्यकता है और मन को अनुशासित करना आसान नहीं है। जैसे हम बच्चों के साथ ज़बरदस्ती नहीं कर सकते और अगर कभी कर भी लें तो भी वो केवल एक बार की प्रक्रिया है। संभव है कि बच्चा वही गलती फिर करे। लेकिन यदि हम मन को धीरे-धीरे अनुशासित करें तो संभवत ये हमारे अनुकूल हो भी सकता है। लेकिन अनुशासन एक दिन में नहीं आता ये एक लम्बी चलने वाली प्रक्रिया

है। हमारा मन जैसे-जैसे अनुशासित होने लगता है वैसे-वैसे जीवन में शांति एवं सुकून बढ़ने लगता है और मन रोगमुक्त होने लगता है।

अच्छा यहाँ ये भी बात ध्यान रखने वाली है कि हमारे मन पर विचारों का भी अपना प्रभाव होता है । अच्छा चिंतन विचारों को सही दिशा देता है, फिर मन के साथ जोर-ज़बरदस्ती करने की आवश्यकता नहीं रहती थोड़े से प्रयास से ही मन सही दिशा की और बढ़ने लगता है।

पंकज कुमार शर्मा 'प्रखर'

पंकज कुमार शर्मा 'प्रखर' लेखक, विचारक, लघुकथाकार एवं वरिष्ठ स्तम्भकार सम्पर्क:- 8824851984 सुन्दर नगर, कोटा (राज.)