विज्ञान

पृथिवी की आकर्षण शक्ति संबंधी कुछ शास्त्रीय प्रमाण’

गुरूत्वाकर्षण के नियम वा सिद्धान्त के बारे में क्या वैदिक साहित्य में कुछ उल्लेख मिलता है, यह प्रश्न वैदिक धर्म व संस्कृति के अनुयायियों व प्रशंसकों को उद्वेलित करता है। महर्षि दयानन्द ने अपने प्रसिद्ध ग्रन्थ ऋग्वेदादिभाष्यभूमिका में आकर्षणानुकर्षण अध्याय में वेदों में विद्यमान मन्त्रों को प्रस्तुत कर इस विषय में प्रकाश डाला है। इससे सम्बन्धित अनेक प्रमाण विस्तृत वैदिक साहित्य में उपलब्ध होते हैं। सभी विद्वानों व स्वाध्याय प्रेमियों की पहुंच सभी ग्रन्थों तथा उसमें वर्णित प्रत्येक बात तक नहीं होती। इसलिए कई बार अनेक प्रमुख प्रासंगिक उल्लेख छूट जाते हैं। हम आज के लेख में आर्य जगत के उच्च कोटि के विद्वान डा. कपिलदेव द्विवेदी जी द्वारा इस विषय में अपनी प्रसिद्ध पुस्तक वैदिक विज्ञान में प्रस्तुत सन्दर्भों को उनके ही विवेचन सहित साभार प्रस्तुत कर रहे हैं जिससे इसका लाभ अन्यों को हो सके और वह इस ग्रन्थ को प्राप्त कर लाभ उठा सकें। विद्वान लेखक की पुस्तक में गुरुत्वाकर्षण सिद्धान्त अध्याय में लिखित उनके विचार आगामी पंक्तियों में प्रस्तुत हैं।

आधारशक्तिः बृहत् जाबाल उपनिषद् में गुरुत्वाकर्षण सिद्धान्त को आधारशक्ति नाम से कहा गया है। इसके दो भाग किए गए हैं – 1. ऊर्ध्वशक्ति या ऊर्ध्वगः ऊपर की ओर खिंचकर जाना, जैसे – अग्नि का ऊपर की ओर जाना: 2. अधःशक्ति या निम्नगः नीचे की ओर खिंचकर जाना, जैसे – जल का नीचे की ओर जाना या पत्थर आदि का नीचे आना। उपनिषद् का कथन है कि यह सारा संसार अग्नि और सोम का समन्वय है। अग्नि की ऊर्ध्वगति है और सोम की अधोःशक्ति। इन दोनों शक्तियों के आकर्षण से ही यह संसार रूका हुआ है।

(अग्नीषोमात्मकं जगत्।            बृ.जा.उप. 2.4                                      

(आधारशक्त्यावधृतः, कालाग्निरयम् ऊर्ध्वगः। तथैव निम्नगः सोमः।          बृ.जा.उप. 2.8

महर्षि पतंजलि (150 ईसा पूर्व) ने व्याकरण महाभाष्य में इस गुरुत्वाकर्षण सिद्धान्त का उल्लेख करते हुए पृथिवी की आकर्षण शक्ति का वर्णन किया है कियदि मिट्टी का ढेला ऊपर फेंका जाता है तो वह बाहुवेग को पूरा करने पर, टेढ़ा जाता है और ऊपर चढ़ता है। वह पृथिवी का विकार है, इसलिए पृथिवी पर ही जाता है।

लोष्ठ क्षिप्तो बाहुवेगं गत्वा नैव तिर्यग् गच्छति,

नोधरवमारोहति। पृथिवीविकारः पृथिवीमेव गच्छति, आन्तर्यतः।           महाभाष्य (स्थानेऽन्तरतम, 1.1.49 सूत्र पर)

आकृष्टिशक्तिः भास्कराचार्य द्वितीय (1114 ईस्वी) ने अपने ग्रन्थ सिद्धान्तशिरोमणि में गुरुत्वाकर्षण के लिए आकृष्टिशक्ति शब्द का प्रयोग किया है। भास्कराचार्य का कथन है कि पृथिवी में आकर्षण शक्ति है, अतः वह ऊपर की भारी वस्तु को अपनी ओर खींच लेती है। वह वस्तु पृथिवी पर गिरती हुई सी लगती है। पृथिवी स्वयं सूर्य आदि के आकर्षण से रुकी हुई है, अतः वह निराधार आकाश में स्थित है तथा अपने स्थान से नहीं हटती ओर गिरती है। वह अपनी कीली पर घूमती है।

आकृष्टिशक्तिश्च मही तया यत् खस्थं गुरुं स्वाभिमुखं स्वशक्त्या।

आकृष्यते तत् पततीव भाति स्मे समन्तात् क्व पतत्वियं खे।।                   सिद्धान्त. भुवन. 16

वराहमिहिर (476 .) ने अपने ग्रन्थ पंचसिद्धान्तिका और श्रीपति (1039 .) ने अपने ग्रन्थ सिद्धान्तशेखर में यही भाव प्रकट किया है कि तारासमूहरूपी पंजर में गोल पृथिवी इसी प्रकार रूकी हुई है, जैसे बड़े चुम्बकों के बीच में लोहा।

              पंचमहाभूतमयस्तारागणपंजरे महीगोलः।

                खेऽयस्कान्तान्तःस्थो लोह इवावस्थितो वृत्तः।।                               पच. पृ. 31

आचार्य श्रीपति का कहना है कि पृथिवी की अन्तरिक्ष में स्थिति उसी प्रकार स्वाभाविक है, जैसे सूर्य में गर्मी, चन्द्र में शीतलता और वायु में गतिशीलता। दो बड़े चुम्बकों के बीच में जैसे लोहे का गोला स्थिर रहता है, उसी प्रकार पृथिवी भी अपनी धुरी पर रूकी हुई है।

(उष्णत्वमर्कशिखि शिशिरत्वमिन्दौ,

                        निर्हेतुरेवमवनेः स्थितिरन्तरिक्षे।।                  सिद्धान्त. 15.21

(नभस्ययस्कान्तमहामणीनां मध्ये स्थितो लोहगुणो यथास्ते।

                        आधारशून्योऽपि तथैव सर्वाधारो धरित्र्या ध्रुवमेव गोलः।।     सिद्धान्त. 15.22

पिप्पलाद ऋषि (लगाभग 4000 वर्ष ई. पूर्व) ने प्रश्न-उपनिषद् में पृथिवी में आकर्षण शक्ति का उल्लेख किया है। अतएव अपान वायु के द्वारा मल-मूत्र शरीर से नीचे की ओर जाता है। आचार्य शंकर (700-800 ईसा पूर्व) ने प्रश्नोपनिषद् के भाष्य में कहा है कि पृथिवी की आकर्षण शक्ति के द्वारा ही अपान वायु मनुष्य को रोके हुए है, अन्यथा वह आकाश में उड़ जाता।

(पायूपस्थेअपानम्।    प्रश्न. उप. 3.5

(पृथिव्यां या देवता सैषा पुरुषस्यापानमवष्टभ्य.    प्रश्न. 3.8

()   तथा पृथिव्याम् अभिमानिनी या देवता  .. सैषा पुरुषस्य अपान

                        वृत्तिम् आकृष्य .. अपकर्षणेन अनुग्रहं कुर्वती वर्तते। अन्यथा

        हि शरीरं गुरुत्वात् पतेत् सावकाशे वा उद्गच्छेत्।            शांकर भाष्य, प्रश्न. 3.8

इससे स्पष्ट है कि पृथिवी के गुरुत्वाकर्षण का सिद्धान्त भारतीयों को हजारों वर्ष पूर्व से ज्ञात था।

यह उद्धरण उपर्युक्त लेखक की पुस्तक के ज्वार-भाटा अध्याय का है। इसमें भी आकर्षण शक्ति का विधान, उल्लेख संकेत है। ऋग्वेद में उल्लेख है कि चन्द्रमा के आकर्षण के कारण समुद्र में ज्वार आता है। समुद्री जल के चढ़ाव को ज्वार (Tide) और उतार को भाटा (Ebb) कहते हैं। ज्वार-भाटा का मूल कारण गुरुत्वाकर्षण है। संसार का प्रत्येक पदार्थ दूसरे पदार्थ को अपनी ओर आकृष्ट करता है। प्रत्येक परमाणु (atom) में आकर्षण शक्ति है, अतः वह दूसरे परमाणु को अपनी ओर आकृष्ट करता है। इसी नियम के अनुसार पृथिवी, सूर्य और चन्द्रमा तीनों एक दूसरे को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। इस सिद्धान्त का प्रतिपादन ऋग्वेद में किया गया है संसार में प्रत्येक पदार्थ सदा एक-दूसरे को आकृष्ट करता रहता है।

एको अन्यत्चकृषे विश्वम् आनुष्क्।          ऋग्वेद 1.52.14

इसी नियम के अनुसार सूर्य और चन्द्रमा दोनों पृथिवी को अपनी-अपनी ओर आकर्षित करते हैं। जल तरल है, अतः वह अधिक प्रभावित होता है। अतएव विशेषरुप से पूर्णिमा के दिन समुद्र का जल अधिक ऊपर की ओर चढ़ता है। इसे ज्वार कहते हैं। कुछ समय बाद वह उतरने लगता है। उसे भाटा कहते हैं। यह आकर्षण शक्ति के कारण होता है।

उपर्युक्त उल्लेखों व उदाहरणों से यह सिद्ध है कि सृष्टि के आरम्भ से ही हमारे पूर्वज ऋषियों को पृथिवी व अन्य ग्रहों में आकर्षण शक्ति के गुण-धर्म का ज्ञान रहा है। इसके विपरीत हम विगत दो हजार वर्षों की कालावधि में अस्तित्व में आयीं विभिन्न मत व धर्म की पुस्तकों में पृथिवी के वर्णन को विज्ञान विरूद्ध पाते हैं। आकर्षण शक्ति विषयक सत्य उल्लेखों का उनमें होना तो सम्भव ही नहीं है। इसका कारण यह है विगत 150 से 5000 वर्षों में विश्व में वेद विज्ञान विलुप्त हो गया था और संसार में अज्ञान रूपी अन्धकार छाया हुआ था। इस अज्ञान व अन्धकार को दूर करने का श्रेय उन्नीसवीं शताब्दी के वेदों के पारदर्शी विद्वान महर्षि दयानन्द सरस्वती को है जिन्होंने देश भर के अनेक विद्वानों की संगति कर व यत्र तत्र उपलब्ध वैदिक व इतर साहित्य का अध्ययन कर सत्य ज्ञान व उपासना को प्राप्त किया व उस सम्पूर्ण ज्ञान का मनुष्य व प्राणीमात्र के हित के लिए उसका देश देशान्तर में प्रचार किया। सत्य ज्ञान व मत के प्रचार के कारण सभी मतों के अधिकांश धर्मान्ध अनुयायी उनके शत्रु बन गये थे जिनके षडयन्त्र की परिणति जोधपुर में 29 सितम्बर, 1883 की रात्रि को उनको विषपान द्वारा उनकी हत्या के प्रयास से हुई और इसी कारण अजमेर में मंगलवार 30 अक्तूबर, 1883 को उनकी मृत्यु हुई। लेख को विराम देते हुए हम निवेदन करना चाहते हैं वेद एवं वैदिक साहित्य सारे संसार के सभी मानवों की सम्पत्ति है। इसमें ज्ञान व विज्ञान भरा हुआ है जिससे सबका कल्याण व उन्नति सम्भव है। देश विदेश में बहुतों ने इसका उपयोग किया भी है और अन्य सभी को करके लाभ उठाना चाहिये। मनुष्यों के कल्याण का अन्य कोई पथ नहीं है।

मनमोहन कुमार आर्य

4 thoughts on “पृथिवी की आकर्षण शक्ति संबंधी कुछ शास्त्रीय प्रमाण’

  • गुरमेल सिंह भमरा लंदन

    मनमोहन जी , लेख जानकारी भरपूर है . जो पुरानी सभियताएं थीं वोह बहुत एडवांस रही होंगी .इस का परमान मह्न्जोदारो और हरप्पा के खान्द्रात से पता चल जाता है कि अगर उन के शहर इतने अछे और वैल डिजाइन किये हुए थे तो यह सब मैथेमैटिक्स के बगैर नहीं हो सकता था . अगर उस ज़माने में विमान थे तो वोह भी किसी ख़ास टेक्नीक से ही बने होंगे . बहुत सभिताएं आईं और जंगों में बर्बाद हो गईं . अब उन का पता पुराने रूईन्ज़ से पता चलता है . मैंने इजिप्ट में वैली ऑफ दी किंग्ज और वैली ऑफ दी कुईंज़ को धियान से देखा है और देख कर दिमाग चक्र जाता है कि कैसे बनाए होंगे . काएरो मिऊज़िअम में जो देखा वोह तो देख कर हैरान रह जाता है . इसी तरह भारत की सभियता बहुत एडवांस थी लेकिन मुगलों के हमलों ने सब बर्बाद कर दिया . जो दिली मैह्रौली में थम्ब है , किस मैटल से बनाया होगा जो अभी तक रस्ट नहीं लगा . आप का लेख बहुत अच्छा लगा .

    • Man Mohan Kumar Arya

      नमस्ते आदरणीय श्री गुरमेल सिंह जी। आपके शब्दों के लिए के लिए हार्दिक धन्यवाद। मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूँ। मैं केवल इतना ही कहना चाहूंगा की हमारे पूर्वज अज्ञानी नहीं अपितु ज्ञानी थे। ज्ञानी आदमी जो चाहे कर सकता है। अतः प्राचीन काल में हमारे यहाँ धर्म, सस्कृति, सभ्यता वा भौतिक उन्नति अपनी चरम पर थी। महाभारत काल के बाद हमारे पूर्वजों के आलस्य व प्रमाद ने सब कुछ ध्वस्त कर दिया। महर्षि दयानंद ने १८७५ से पहले अपने एक प्रवचन में कहा था कि प्राचीन काल में हमारे देश के गरीब से गरीब लोगो के यहाँ भी अपने विमान हुआ करते थे। सृष्टि के आरम्भ में ही देश में विमानों का निर्माण हो गया था। हमारे पूर्वज उसी में बैठ का उड़ा करते थे और जहा अच्छी जगह दिखाई देते थी अपने लोगो को वह ले जाकर बसा देते हे। यह सब वर्णन १८७५ के पहले से पुस्तकों में था. इसी प्रकार से सारे संसार में लोगो की आवाजाही हुई। यह तथ्य है की विश्व में वायुयान के अनुसन्धान कार्य का आरम्भ बीसवी शताब्दी में हुआ। आपको पुनः हार्दिक धन्यवाद।

  • विजय कुमार सिंघल

    बहुत अच्छा लेख. यह मानना असंभव है कि भारतीयों को गुरुताकर्षण का ज्ञान नहीं रहा होगा.

    • Man Mohan Kumar Arya

      नमस्ते एवं धन्यवाद आदरणीय श्री विजय जी। यह लेख मैंने आपसे इस विषय पर पूर्व में हुवे विचारों के आदान प्रदान के आधार पर ही लिखा है। महाभारत काल वा बाद के समय का भी हमारा ज्ञान विज्ञानं व अन्य साहित्य जो तक्षशिला वा नालंदा आदि पुस्तकालयों में था, अग्नि को समर्पित कर दिया गया। आज भी देश विदेश में जो सहस्रों वा लाखों पांडुलिपियां हैं, उसे देखने व पढ़ने का समय किसी के पास नहीं है। अनुमान है कि उसमे बहुमूल्य जानकारी हों सकती हैं। यदि इनकी अनुकूलता होती तो कई आश्चर्यजनक रहस्योद्घाटन हो सकते थे। अभी तक की व कुछ अर्थों में वर्तमान की सरकार व सरकारों को इससे कोई लेना देना नहीं है।

Comments are closed.