राजनीति

विकास और जातिवाद के बीच महायुद्ध होगा बिहार के चुनाव

बिहार के मुजफ्फरपुर में 25 जुलाई को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद अब यह तय हो गया है कि इस बार बिहार विधानसभा के चुनावों में जनता को अब केवल यह तय करना है कि वह देश के साथ कदमताल मिलाकर विकास चाहती है या फिर एक बार फिर वह जातियुद्ध के दौर में जाकर अपना भविष्य बर्बाद करना चाहती है। पीएम मोदी की रैली में भीड़ देखकर हर कोई आश्चर्यचकित हो रहा है। अब बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर टीवी व सोशलमीडिया में भी बहसों व सर्वेक्षणों का दौर प्रारम्भ हो गया है। कुछ सर्वे बिहार में लालू नीतीश गठबंधन को आगे बता रहे हैं वहीं कुछ राजग गठबंधन की बढ़त दिखा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों में अभी तक यह बात तो साफ हो चुकी है बिहार की लगभग 45 प्रतिशत से कुछ अधिक जनता विकास को आधार मानकर वोट करने जा रही है। जबकि जाति के आधार पर वोट डालने का प्रतिशत केवल 30 तक ही सिमट रह रहा है। अपनी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की संसदीय सियासत से दूर व पूरी तरह से चिंतामुक्त होकर बिहार के विकास पर जोर दिया और एक प्रकार से बिहार को विशेष पैकेज देने का संकेत भी दे गये। रैली में उन्होंने साफ कहा कि अभी संसद का सत्र चल रहा है इसलिए वह अभी इसका ऐलान नहीं कर सकते हैं। बिहार को बिजली रेल सड़क सहित तमाम योजनाओं व परियोजनाओं के लिए व्यापक धन देने का ऐलान कर भी गये। इस रैली में राजग के सभी घटक दलों के नेता भी उपस्थित थे। रैली की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने पीएम मोदी को भगवान श्रीराम कहकर संबोधित किया जबकि स्वयं की तुलना विभीषण और मुख्यमंत्री नीतिश की तुलना रावण से कर डाली।

बिहार से प्राप्त हो रहे समाचारों के अनुसार पीएम मोदी की रैली में ऐतिहासिक भीड़ थी। युवाओं में खासा जोश था। रैली में लोगों को आने से रोकने के लिए नीतीश सरकार का प्रशासन पूरा जोर लगा रहा था। स्कूलों में अवकाश कर दिया गया था। आतंकी हमले की संभावना के मददेनजर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात थे। पीएम मोदी का पूरा का पूरा भाषण केवल बिहार के विकास पर फोकस था। पीएम मोदी के भाषण के बाद जैसी की आशा की जा रही थी बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में पीएम मोदी के भाषण की खिल्ली उड़ायी और दावा किया कि पीएम मोदी केवल उन्हीं की पुरानी योजनाओं और कार्यक्रमों की री-पैकेजिंग कर रहे हैं। अब बिहार में सांप और जहर के साथ रामायण और महाभारत के प्रसंग सुनायी पड़ने लग गये हैं। बिहार के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव का कहना है कि वे बिहार से मोदी को नथुनी पहनाकर भगा देंगे। यहीं नहीं उन्होने मोदी की तुलना कालिया नाग तक से कर दी है। बिहार का एक सजायाफ्ता कैदी व जमानत पर सशर्त छूटा अपराधी देश के प्रधानमंत्रीे के खिलाफ बेहद अपमानजनक टिप्पणी कर रहा है। लालू यादव की यह टिप्पणी सोशल मीडिया में वायरल हो रही है और लोग लालू के प्रति कमेंट कर रहे हैं। यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे निम्नतर स्तर है। यहां पर लोग विचारों के आदान- प्रदान व स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति का इसी प्रकार से दोहन कर रहे हैं।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के परिवार के लिए यह चुनाव राजनैतिक अस्तित्व का सवाल खड़ा कर रहा है। यह चुनाव पीएम मोदी के लिए उतनी बड़ी अग्निपरीक्षा नही हैं जितनी बड़ी की लालू यादव के लिए है। यही कारण है कि वह यह चुनाव किसी भी प्रकार से जीतना चाहते हैं। वह जाति के आंकड़ों को सार्वजनिक करने के लिए जोर दे रहें हैं। बिहार की जनता को गुमराह करने के लिए उपवास पर बैठे और वहीं बिहार बंद का भी आयोजन कर रहे हैं। यह सब कुछ बिहार को अंधकारमय भविष्य की ओर ही ले जायेगा। पीएम मोदी ने अपनी रैली में कहा कि राजद का अर्थ होता है ”रोजाना जंगलराज का डर।“ जिसके कारण लालू यादव और नीतिश कुमार कुछ अधिक ही परेशान हो उठे हैं। लालू व नीतिश कभी रात के अंधेरे में तो कभी सुबह-सुबह ही मीडिया को अपनी फोटो दे रहे हैं ताकि जनता में यह साफ संदेश जाये कि वे दोनों एक हैं। जबकि वास्तविकता कुछ और ही है।

लालू अपनी जातिगत राजनीति से बाज नहीं आ रहे हैं जबकि विकास का मुददा अब राजग उनसे छीनने का प्रयास कर रहा है। हालांकि बिहार के विकास में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का बड़ा योगदान रहा है तथा उन्हें विकास पुरूष कहा भी जा रहा है। जबकि दूसरी ओर बिहार की जनता ने लालू यादव के पुराने जंगलराज को देखा ह,ै भुगता है व सहन भी, किया है। कहा जा रहा है कि यदि बिहार में नीतिश कुमार पूरी तरह से विकास के मुददे को आधार बनाकर अकेले चुनाव मैदान में उतरते तो वह अच्छी तरह से मैदान में मुकाबला कर सकते थे। बिहार के चुनावों में एक बात यह हुई है कि भाजपा के कद्दावर सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतिश कुमार से मुलाकात कर डाली और पता नहीं किन लोगों के कहने या दबाव में आकर आतंकी याकूब की दयायाचिका राष्ट्रपति के पास भेज दी। सूत्र बता रहे हैं कि अब भाजपा नेतृत्व शत्रु को उनकी जगह बता देना चाह रहा है।

दूसरी ओर अभी भाजपा गठबंधन के लिए सबसे बड़ी समस्या उम्मीदवारों का चयन हो गया है। बिहार के विधानसभा चुनावों में जो लोग लालू व नीतिश के खिलाफ बगावत करके भाजपा गठबंधन की ओर आकर्षित हो रहे हैं और पीएम मोदी के हाथ मजबूत करना चाह रहे हैं उन लोगों का समायोजन करना एक टेढ़ी खीर बना है। वहीं भाजपा विरोधी दल भाजपा पर दबाव डाल रहे हैं कि वह अपने नेता का नाम बताये। जबकि भाजपा को हर हालत में बिहार का मैदान जीतना है इसलिए दिल्ली जैसी गलतियां बिहार में नहीं करना चाहती है। बिहार का चुनाव अभी पूरी तरह से मोदी के नेतृत्व में ही लड़ने की तैयारी है। यही कारण है कि इस बार के बिहार चुनाव मोदी के लिए अग्निपरीक्षा तो साबित होंगे ही साथ ही उनकी लोकप्रियता का पैमाना भी खींच देंगे।

यदि इन चुनावों में भी भाजपा की पराजय होती है तो केंद्र सरकार की मुश्किलें बढ़ेंगी और राहुल गांधी और केजरीवाल जैसे टकराव पसंद नेता और उग्र होकर सामने आयेंगे। आज के हालातों में यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी विभिन्न मामलों को लेकर संसद नहीं चलने दे रही है। उसे संसद की कार्यवाही ठप करने में अपना सियासी फायदा नजर आ रहा है। जबकि देश का जनता का नुकसान हो रहा है। कई विधायी कार्य लटक गये हैं। जनता कांग्रेस व अन्य दलों के रवैये को भी देख रही है। कांग्रेस समढ रही है कि हम जितना दबाव संसद में डालेंगे उसका असर बिहार पर पड़ेगा। बिहार के चुनाव इतने कठिन होने जा रहे हैं कि अब तो दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भी दिल्ली का कामकाज अपने उपमुख्यमंत्री के हवाले करके पीएम मोदी की पोल खोलने के लिए बिहार की खाक छानने जा रहे हैं। यही कारण है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार केजरीवाल के साथ मिलकर केंद्र को ही दोषी बताने लगते हैं और कहते हैं कि केंद्र केजरीवाल को काम नहीं करने दे रहा है।

आज की तारीख में बिहार चुनावों को जीतने के लिए सभी तथाकथित सेकुलर दल अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे और अपनी विकृत मानसिकता का अनूठा नमूना पेश करने वाले हैं। ये चुनाव बिहार का भविष्य तय करने वाले हैं। आज बिहार में भाजपा के 160 विकास रथ दौड़ रहे हैं। इस पर नीतिश फरमाते हैं कि भाजपा बिहार को जीतने के लिए पानी की तरह पैसा बहा रही है जबकि पूरे पटना में नीतिश कुमार के होर्डिंग नजर आ रहे हैे। बिहार की जनता में भय है कि कहीं फिर लालू-नीतिश का राज आ गया तो क्या होगा। अब यह बिहार की जनता को सेाचना है कि वह किस प्रकार का राज चाहती है- जंगलराज का डर या विकास।

— मृत्युंजय दीक्षित