कविता

खिल कर दिखाओ अशोक

मेरे सामने है अशोक के फूल
और कई सारे सवाल
ये वही अशोक के फूल है
जो बसंत ऋतु में
सुंदरियों के पदाघात से ही खिलते हैं
मैं पूछना चाहती हूं..
वह कौन सी मजबूरी है अशोक
जो तुम
सुंदरियों के पदाघात से ही खिलते हो …

तुम हो तो नर
जिसने कर लिए हैं सारे हक औरतों के
अपनी मुट्ठी की ज़द में
फिर ऐसा क्या है ..?
उनके पैरों में
जो तुम खिल पड़ते हो..

क्यों नहीं उस आघात से तुम तिलमिलाते
क्यों बन जाते हो
कामदेव का पांचवा तीर
क्या उन पैरों की छुअन से ही तुम कामसिक्त हो
औरों के अंदर प्रेमरोग
जगा देते हो….

तीर के रूप में
तुम्हें ही तो साधा था
कामदेव ने विश्वामित्र पर
क्यों नहीं चूके तुम
किस बात का मान है तुम्हें अशोक
क्यों नहीं सोचा
तुम्हारी शाखों पर
फूल खिला कैसे
वो पदाघात की अवमानना
प्रेम का उद्दीपन बन गई

आज तमाम दिशाओं में
धरती आकाश पाताल में
और मनुष्य के विवेक में
गूंज रहा है मेरा सवाल
खिल कर दिखाओ अशोक
बिना नारी के पदाघात के
खिल कर दिखाओ ….

— संतोष श्रीवास्तव 

संतोष श्रीवास्तव

जन्म....23 नवँबर जबलपुर शिक्षा...एम.ए. (हिन्दी, इतिहास), बी.एड., पत्रकारिता मेँ बी.ए प्रकाशित पुस्तके....बहके बसँत तुम, बहते ग्लेशियर, प्रेम सम्बन्धोँ की कहानियाँ आसमानी आँखों का मौसम (कथा सँग्रह), मालवगढ की मालविका, दबे पाँव प्यार, टेम्स की सरगम, हवा में बँद मुट्ठियाँ (उपन्यास), मुझे जन्म दो माँ (स्त्री विमर्श), फागुन का मन (ललित निबँध सँग्रह), नही अब और नही तथा बाबुल हम तोरे अँगना की चिडिया (सँपादित सँग्रह), नीले पानियोँ की शायराना हरारत (यात्रा सँस्मरण) विभिन्न भाषाओ मेँ रचनाएँ अनूदित, पुस्तको पर एम फिल तथा शाह्जहाँपुर की छात्रा द्वारा पी.एच.डी, रचनाओ पर फिल्माँकन, कई पत्र पत्रिकाओ मेँ स्तम्भ लेखन व सामाजिक, मीडिया, महिला एवँ साहित्यिक सँस्थाओ से सँबध्द, प्रतिवर्ष हेमंत फाउँडेशन की ओर से हेमंत स्मृति कविता सम्मान एवं विजय वर्मा कथा सम्मान का मुम्बई मे आयोजन, महिला सँस्था विश्व मैत्री मँच की संस्थापक, अध्यक्ष पुरस्कार.... अठारह राष्ट्रीय एवं दो अँतरराष्ट्रीय साहित्य एवँ पत्रकारिता पुरस्कार जिनमे महाराष्ट्र के गवर्नर के हाथो राजभवन मेँ लाइफ टाइम अचीव्हमेंट अवार्ड तथा म.प्र. राष्ट्र भाषा प्रचार समिति द्वारा मध्य प्रदेश के गवर्नर के हाथों नारी लेखन पुरस्कार विशेष उल्लेखनीय है। मुझे जन्म दो माँ पुस्तक पर राजस्थान विश्वविद्यालय द्वारा पी एच डी की मानद उपाधि। महाराष्ट्र राज्य साहित्य अकादमी का राज्यस्तरीय हिन्दी सेवा सम्मान। भारत सरकार अंतरराष्टीय पत्रकार मित्रता सँघ की ओर से 25 देशो की प्रतिनिधी के रूप मेँ यात्रा। सँपर्क.. Email kalamkar.santosh@gmail.com Mobile…09769023188